राजनीतिराष्ट्रीयहिमाचल प्रदेश

बंगाल की ऐतिहासिक जीत ने बदली राष्ट्रीय राजनीति, कांग्रेस का नैरेटिव पूरी तरह ध्वस्त: त्रिलोक

कहा, जीत हो तो EVM ठीक और हार हो तो है, मुख्यमंत्री सुक्खू का दोहरा चरित्र बेनकाब

शिमला।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के हालिया बयान पर तीखा पलटवार करते हुए भाजपा प्रदेश वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने कहा कि कांग्रेस का पुराना “जाप” एक बार फिर सामने आ गया है। त्रिलोक कपूर ने कहा कि जब जीत मिलती है तो ईवीएम ठीक होती है और जब हार मिलती है तो ईवीएम हैक हो जाती है। तीन राज्यों पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की ऐतिहासिक जीत ने कांग्रेस के इस झूठे नैरेटिव को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। यह जनता का स्पष्ट जनादेश है, जिसे कांग्रेस पचा नहीं पा रही है।

त्रिलोक कपूर ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की अभूतपूर्व सफलता केवल चुनावी परिणाम नहीं, बल्कि लगभग 40 वर्षों के वाम और तृणमूल शासन के खिलाफ जनक्रांति है। उपलब्ध आंकड़े दर्शाते हैं कि भाजपा ने बंगाल में भारी बढ़त बनाते हुए 200 से अधिक सीटों के आंकड़े को पार किया, जबकि तृणमूल कांग्रेस का जनाधार तेजी से सिमटा है। असम में भाजपा ने लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी की है, जो यह दर्शाता है कि जनता ने विकास और स्थिरता की राजनीति को चुना है। पुडुचेरी में भी भाजपा की वापसी इस बात का प्रमाण है कि राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा की स्वीकार्यता और मजबूत हो रही है।

गठबंधन की राजनीति पर जनता का फैसला
त्रिलोक कपूर ने कहा कि बंगाल के परिणामों ने राष्ट्रीय राजनीति की दिशा बदल दी है। यह केवल एक राज्य का चुनाव नहीं, बल्कि कांग्रेस और उसके गठबंधन की राजनीति पर जनता का फैसला है। कपूर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल वर्षों से देश को जाति, धर्म और झूठे मुद्दों पर बांटते रहे, लेकिन अब जनता ने उन्हें नकार दिया है।

कांग्रेस जीतती है तो लोकतंत्र मजबूत
त्रिलोक कपूर ने मुख्यमंत्री सुक्खू के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि जब कांग्रेस जीतती है तो लोकतंत्र मजबूत हो जाता है, और जब हारती है तो ईवीएम पर सवाल उठाने लगती है यह लोकतंत्र का नहीं, बल्कि उनकी मानसिकता का संकट है। चुनाव आयोग की पारदर्शी प्रक्रिया और जनता की भागीदारी से यह स्पष्ट है कि यह जनादेश पूरी तरह निष्पक्ष और लोकतांत्रिक है।

हार के बाद बहाने बनाना कांग्रेस की आदत
त्रिलोक कपूर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता भी कांग्रेस सरकार की विफलताओं को देख रही है और आने वाले चुनावों में इसी तरह का परिणाम सामने आएगा। देश बदल रहा है, राजनीति बदल रही है और कांग्रेस का पुराना भ्रम फैलाने वाला मॉडल अब पूरी तरह खत्म हो चुका है। जनता अब विकास, स्थिरता और राष्ट्रहित के साथ खड़ी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!