जेपी नड्डा ने हिमाचल में लिखा BJP का नया इतिहास, कार्यक्रम बना ऐतिहासिक
राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने मजठाई में किया प्रदेश कार्यालय का शिलान्यास
शिमला।
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में रविवार को एयरपोर्ट रोड पर डीएवी स्कूल के समीप मजठाई में उस समय माहौल वैदिक मंत्रोच्चार से गूंज उठा जब भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय का भूमि पूजन विधि-विधानपूर्ण से आरम्भ हुआ। शिलान्यास पूजन पांच पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के मजठाई में शिलान्यास स्थल पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया।

भूमि निरीक्षण के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रस्तावित भवन योजना के विस्तृत विवरण से राष्ट्रीय अध्यक्ष को अवगत कराया। इस दौरान नड्डा ने कार्यालय परिसर की संरचना, कार्यात्मक जरूरतों और भविष्य की उपयोगिता पर भी मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम उत्साह, भक्ति और संगठनात्मक संकल्प के साथ सम्पन्न हुआ, जिसने हिमाचल भाजपा के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत कर दी।

नड्डा द्वारा कलश स्थापना किए जाने के बाद कार्यकर्ताओं में अत्यधिक उत्साह देखने को मिला। शिलान्यास के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के साथ चाय पर संवाद भी किया, जिसमें संगठनात्मक मजबूती और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा हुई।
इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन सहित प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा, सतपाल सत्ती, सुरेश कश्यप, राजीव भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



