धर्मशाला का ‘मास्टर प्लान’: BJP के संकल्प पत्र में 24×7 पानी, स्मार्ट पार्किंग, फनिकुलर ट्रांसपोर्ट का वादा
विधायक सुधीर शर्मा और पवन काजल ने धर्मशाला नगर निगम चुनाव के लिए जारी किया 32 सूत्रीय शपथ पत्र
धर्मशाला।
भारतीय जनता पार्टी ने धर्मशाला नगर निगम चुनावों के लिए अपना बहुप्रतीक्षित विजन डॉक्यूमेंट (संकल्प पत्र) जारी कर दिया है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और विधायक सुधीर शर्मा ने इस दस्तावेज़ को धर्मशाला के भविष्य का रोडमैप बताते हुए कहा कि पार्टी शहर को केवल एक नगर निगम नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश की दूसरी राजधानी और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
बुनियादी ढांचे में क्रांतिकारी बदलाव का संकल्प
विजन डॉक्यूमेंट की मुख्य विशेषताओं को साझा करते हुए सुधीर शर्मा ने कहा कि शहर में ट्रैफिक की समस्या से निपटने के लिए 22 स्थानों पर स्मार्ट पार्किंग विकसित की जाएगी। साथ ही, पर्यटन और स्थानीय यातायात को नई दिशा देने के लिए ‘चरान खड्ड’ से ‘भागसूनाग’ तक फनिकुलर (Funicular) ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा। भाजपा ने वादा किया है कि शहरवासियों को 24 घंटे पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी और जल संरक्षण के लिए खड्डों पर छोटे बांध बनाए जाएंगे।
स्मार्ट सिटी परियोजनाओं की होगी उच्च स्तरीय जांच
सुधीर शर्मा ने वर्तमान शासन और कांग्रेस पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि धर्मशाला स्मार्ट सिटी के धन का भारी दुरुपयोग हुआ है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस के मंत्रियों ने खुद माना है कि नगर निगम की स्थिति पंचायत से भी बदतर हो चुकी है। भाजपा सत्ता में आते ही पिछले कार्यों में हुई वित्तीय अनियमितताओं की जांच कराएगी और जनता के एक-एक पैसे की जवाबदेही तय करेगी।”
हर वर्ग के लिए विशेष घोषणाएं
भाजपा का संकल्प पत्र समाज के हर वर्ग को छूने का प्रयास करता है:
महिलाएं: स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए ‘MC Cooperative Grid’ का गठन।
युवा: फुटबॉल अकादमी, स्किल डेवलपमेंट सेंटर और स्टार्टअप इनक्यूबेशन सेंटर की स्थापना।
बुजुर्ग: वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘Doctor on Call’ ऐप की सुविधा।
प्रशासन: नगर निगम की सेवाओं को पूर्णतः ऑनलाइन करना। निर्धारित समय सीमा में काम न होने पर आवेदन ‘स्वतः स्वीकृत’ (Auto-approved) माना जाएगा।

नशा मुक्त और सुरक्षित धर्मशाला
शहर की सुरक्षा और सामाजिक स्वास्थ्य पर जोर देते हुए सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला को ‘ड्रग मुक्त शहर’ बनाना पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी, व्यापक सीसीटीवी नेटवर्क और जन-जागरूकता अभियानों के माध्यम से नशे के नेटवर्क को ध्वस्त किया जाएगा।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा कोना-कोना
विजन डॉक्यूमेंट में कचहरी अड्डा और कोतवाली बाजार के पुनर्विकास, बस अड्डे की सीधी कनेक्टिविटी, ई-टैक्सी सेवा, और कैंची मोड़ पर व्यूइंग डेक बनाने जैसे आधुनिक प्रोजेक्ट्स को शामिल किया गया है। सुधीर शर्मा ने दोहराया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्मार्ट सिटी विजन को धरातल पर उतारते हुए भाजपा धर्मशाला को स्वच्छता, रोजगार और पर्यटन का वैश्विक मॉडल बनाएगी।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पवन काजल, प्रवक्ता राकेश शर्मा, संजय शर्मा, विश्व चक्षु और जिला अध्यक्ष सचिन शर्मा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।



