कांगड़ा में आज से 3 राज्यों के 80 कांग्रेस जिलाध्यक्षों का प्रशिक्षण कैंप
लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी करेंगे जिलाध्यक्षों से सीधा संवाद
धर्मशाला।
कांग्रेस पार्टी के संगठन को और अधिक मजबूती देने के लिए आज मंगलवार से कांगड़ा में गुप्तगंगा रोड स्थित यात्री सदन में तीन राज्यों हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और पंजाब का संगठन सृजन अभियान शुरू होने जा रहा है। इस 10 दिवसीय प्रशिक्षण कैंप में करीब 80 जिलाध्यक्ष भाग लेंगे। इस शिविर में नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा भी बतौर छात्र प्रशिक्षण हासिल करेंगे। यह अभियान सह-प्रभारी चेतन चौहान और विदित चौधरी की देखरेख में चलेगा।
जब राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा से बात की तो उन्होंने बताया कि इस शिविर में जिलाध्यक्षों को संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और उन्हें मिली शक्तियों के सही उपयोग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रतिदिन शिविर की शुरुआत सुबह योग और व्यायाम से होगी। शिविर के अंतिम दिनों में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी खुद जिलाध्यक्षों से सीधा संवाद करेंगे। अभी राहुल गांधी के आने की तिथि फाइनल नहीं हुई है। वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल भी शिविर में पहुंच सकती हैं।



