हिमाचल प्रदेश

आगामी चुनाव में इस पार्टी की 10 सीटें आना भी मुश्किल : संजीव ठाकुर

पालमपुर में किसान मोर्चा की परिचय बैठक में गरजे प्रदेश किसान मोर्चा महामंत्री

पालमपुर

संगठनात्मक जिला पालमपुर में आज शनिवार को किसान मोर्चा की परिचय बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष राजेश धीमान ने की। बैठक में जिला की चारों विधानसभाओं के 10 मंडलों के किसान मोर्चा मंडल अध्यक्षों ने शिरकत की।

इस मौके पर प्रदेश किसान मोर्चा महामंत्री संजीव ठाकुर ने संगठन का परिचय कराने के बाद प्रदेश द्वारा चलाए जा रहे एक बूथ 10 किसान अभियान पर बल देते हुए कहा कि अब मंडल स्तर पर बैठकें की जाएंगी और कार्यकारणी का विस्तार भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर बूथ में हर किसान तक केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ सभी को मिले। प्रदेश, जिला व मंडल के पदाधिकारियों का प्रवास हर बूथ पर हो, इस पर ध्यान देने की जरूरत है।

प्रदेश महामंत्री संजीव ठाकुर ने सरकार को घेरते हुए कहा कि सरकार यह बताए कि कांग्रेस की वो 10 गारंटियां कहां गई। संजीव ठाकुर ने कहा कि लोगों को बेवकूफ बनाकर सरकार बनाने का काम किया गया है और प्रदेश के लोगों को ठगा है। ठाकुर ने कहा कि हर महिला को 1500 रुपए देने की महिलाओं के साथ कांग्रेस ने बहुत बड़ा अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि 300 यूनिट बिजली फ्री घोषणा का भी पता नहीं, किसानों ने अपने पशुओं के गोबर को इकट्ठा किया कि सरकार खरीदेगी, वो भी आस खत्म हो गई।

संजीव ठाकुर ने कहा कि अब कांग्रेस की सरकार थोड़े दिनों की मेहमान है और ऐसे हालात बने हैं कि आगामी चुनाव में इस पार्टी की 10 सीटें आना भी मुश्किल है। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष रागनी रखवाल, प्रदेश प्रवक्ता त्रिलोक कपूर, पूर्व विधायक रविंद्र धीमान, संजय कपूर, अनिल राणा सहित संगठन से जुड़े प्रमुख पदाधिकारी और मंडल प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!