रोहड़ू में हिमाचल के आधुनिक निर्माता राजा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण
विक्रमादित्य सिंह और प्रतिभा सिंह की उपस्थिति में भव्य समारोह में आयोजित
शिमला
रोहडू में स्थित पुराना बस स्टैंड पर सोमवार को हिमाचल प्रदेश के आधुनिक निर्माता राजा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस विशेष कार्यक्रम की अध्यक्षता लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह और पूर्व लोकसभा सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने की।

इस अवसर पर मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राजा वीरभद्र सिंह एक ऐसी शख्सियत थी जिनकी बदौलत प्रदेश एवं रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र में विकास की गाथा लिखी गई है। राजा साहब ने हर कठिनाइयों एवं विपरीत परिस्थितियों के बावजूद प्रदेश के विकास में कोई कमी नहीं रखी, जो पार्टी के साथ-साथ विपक्ष के लोग भी याद करते हैं। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हमें आज संकल्प लेना चाहिए कि उनके दिखाए हुए रास्ते पर आगे चलना है ताकि प्रदेश के विकास में कोई कमी न आए। उन्होंने क्षेत्र की जनता को विश्वास दिलाते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने देंगे, जिसके लिए समय-समय पर हम प्रयासरत हैं। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कठिनाइयां एवं विपरीत परिस्थितियां आएंगी लेकिन क्षेत्र के लोगों में विश्वास और प्यार की बागडोर बनी रहनी चाहिए।

22 सड़कों के लिए 64 करोड़ स्वीकृत
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र की 22 सड़कों के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण के अंतर्गत 64 करोड़ की सड़कें स्वीकृत हुई है, जिससे क्षेत्र की सड़कों का सुदृढ़ीकरण अवश्य होगा। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत सड़कों के विकास के लिए क्षेत्र में लगभग 250 से 300 करोड़ रुपए के कार्य प्रगति पर हैं। रोहडू से चिड़गांव सड़क के लिए 19 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसका कार्य प्रगति पर है और जल्द ही इसे पूर्ण किया जाएगा। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि डोडरा क्वार सड़क के बजट पर केंद्र से रोक लगाई गई थी, जिसे अब सुचारू किया जा चुका है।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि 150 की आबादी वाले गांव के लिए सड़क बनाई जाएगी, लेकिन इसके लिए सभी लोगों को गिफ्ट डीड देने की आवश्यकता रहेगी। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव सहायता प्रदान करने की भी बात कही। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जो भी ठेकेदार समय पर कार्य का निष्पादन नहीं करते उन्हें कार्य नहीं दें। कार्य निष्पादन में किसी भी प्रकार की अनियमितताएं बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

राजा वीरभद्र सिंह के दिखाए रास्ते पर चलने की आवश्यकता
पूर्व लोकसभा सांसद एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि हम सभी को राजा वीरभद्र सिंह के दिखाए रास्ते पर चलने की आवश्यकता है ताकि प्रदेश का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कार्यक्रम में भव्य स्वागत के लिए लोगों का आभार जताते हुए कहा कि राजा साहब कहते थे कि रोहडू विधानसभा क्षेत्र में इसलिए चुनाव लड़ना चाहता हूं ताकि क्षेत्र का संपूर्ण विकास सुनिश्चित हो सके। इसके उपरांत वह यहां से 5 बार विधायक बने और इस दौरान उन्होंने हर क्षेत्र का दौरा किया और विकास की गाथा लिखी।

11.19 करोड़ से बने सन्दौर पुल का किया लोकार्पण
इस मौके पर लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सन्दौर पुल का लोकार्पण भी किया। पुल का निर्माण कार्य लगभग 11 करोड़ 19 लाख रुपए से किया गया है। पुल के निर्माण से इस क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। क्षेत्र के लोगों ने मंत्री का इस सौगात के लिए आभार प्रकट किया।
स्थानीय विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने कहा कि राजा साहब का आशीर्वाद हमेशा से ही इस क्षेत्र की जनता के ऊपर रहा है और जो भी बड़े कार्य आज क्षेत्र में हुए है वह सब उनकी देन हैं। कार्यक्रम के दौरान राजा वीरभद्र सिंह के जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई। साथ ही एक गाने का भी विमोचन किया गया जो राजा वीरभद्र सिंह पर आधारित है। इस दौरान लोक निर्माण मंत्री ने डॉक्यूमेंट्री एवं गाने के निर्माणकर्ताओं को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष हिमुडा यशवंत छाजटा, जिला परिषद उपाध्यक्ष सुरेन्द्र रेटका, नगर परिषद रोहडू के अध्यक्ष अशोक चौहान, पूर्व मंडल अध्यक्ष करतार सिंह कुल्ला, उपमंडलाधिकारी (ना.) रोहडू धर्मेश रमोत्रा, कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला मोर्चा, सेवा दल के पदाधिकारी, जिला परिषद, पंचायत समिति, नगर पंचायत, नगर परिषद, पंचायतों के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे



