यह सिर्फ अयोग्यता, कुप्रबंधन, प्राथमिकताओं की विफलता: जमवाल
केंद्र दे रहा पैसा, कांग्रेस नहीं कर पा रही खर्च, हिमाचल में योजनाएं फाइलों में और जनता परेशान
शिमला।
केंद्र सरकार की ओर से पिछले तीन वर्षों में हिमाचल प्रदेश को भारी वित्तीय सहायता देने के बावजूद विकास कार्य ठप पड़े हुए हैं। स्वयं मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए बयान के अनुसार हिमाचल को केंद्र सरकार से पिछले 3 वर्षों में 44,519 करोड़ रुपए प्राप्त हुए हैं, जो कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। यह आरोप भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला करते हुए लगाए हैं।
राकेश जमवाल ने कहा कि वर्षवार आंकड़े स्पष्ट करते हैं कि केंद्र सरकार लगातार प्रदेश की मदद कर रही है:
वर्ष 2023-24: ₹16,592 करोड़
वर्ष 2024-25: ₹16,192 करोड़
वर्ष 2025-26: ₹11,735 करोड़
जनता को इनका लाभ नहीं मिल रहा
भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता जमवाल ने कहा कि उक्त राशि आरडीजी, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, केंद्र प्रायोजित योजनाओं, बाह्य सहायता परियोजनाओं और विशेष सहायता योजनाओं के माध्यम से दी गई है। बावजूद इसके प्रदेश में न तो विकास कार्य गति पकड़ पाए हैं और न ही जनता को इनका लाभ मिल पा रहा है।
प्रदेश में नहीं दिख रहा विकास
जमवाल ने कांग्रेस सरकार को घेरते हुए कहा कि यदि इतनी बड़ी राशि मिलने के बाद भी प्रदेश में विकास नहीं दिख रहा, तो यह सरकार की अयोग्यता, कुप्रबंधन और प्राथमिकताओं की विफलता को दर्शाता है। एक ओर मुख्यमंत्री “समान विकास” की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर जमीनी हकीकत यह है कि सरकारी कार्यालय आज भी निजी भवनों में किराए पर चल रहे हैं। जमवाल ने सवाल उठाया कि जब सरकारी भवन खाली पड़े हैं तो उन्हें उपयोग में क्यों नहीं लाया जा रहा? क्या यह सरकारी धन की बर्बादी नहीं है?
हजारों युवाओं के रोजगार पर संकट मंडरा
राकेश जमवाल ने कहा कि प्रदेश में आउटसोर्स कर्मचारियों को कम करने की बात भी सामने आ रही है, जिससे हजारों युवाओं के रोजगार पर संकट मंडरा रहा है। कांग्रेस सरकार रोजगार देने के बजाय रोजगार छीनने का काम कर रही है। स्मार्ट मीटर और अन्य योजनाओं को लेकर सरकार की नीतियां स्पष्ट नहीं हैं और जनता को केवल भ्रमित किया जा रहा है। “नीतियों में स्पष्टता का अभाव और निर्णय लेने में देरी प्रदेश के विकास को प्रभावित कर रही है।”
सरकार धन का सही उपयोग करने में विफल
जमवाल ने कहा कि केंद्र सरकार जहां खुले दिल से हिमाचल की सहायता कर रही है, वहीं कांग्रेस सरकार उस धन का सही उपयोग करने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि योजनाएं केवल कागजों में सीमित हैं और जमीनी स्तर पर उनका प्रभाव नजर नहीं आता। उन्होंने मांग की कि प्रदेश सरकार यह स्पष्ट करे कि केंद्र से मिले 44,519 करोड़ रुपए का उपयोग किन-किन परियोजनाओं पर हुआ, कितनी योजनाएं पूरी हुईं और कितनी अभी भी लंबित हैं।
राशि का उपयोग पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ हो,
राकेश जमवाल ने कहा कि भाजपा कांग्रेस सरकार की विफलताओं को जनता के बीच उजागर करती रहेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि केंद्र से मिलने वाली हर एक राशि का उपयोग पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ हो, ताकि प्रदेश की जनता को वास्तविक लाभ मिल सके।


