प्रदेश की जनता सरकार से हो चुकी है निराश: सुधीर शर्मा
सीमेंट के दाम बढ़ाने पर सुधीर शर्मा का सुक्खू सरकार पर हमला
धर्मशाला।
हिमाचल में सीमेंट के बढ़े दाम, एचपीटीडीसी कर्मचारियों के वेतन और कथित अवैध निर्माण समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। सुधीर शर्मा ने सरकार पर गंभीरता से काम नहीं करने के आरोप लगाए। वहीं, कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए।
धर्मशाला से भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने सीमेंट के दाम बढ़ाए जाने को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की बात करने वाली सरकार को पहले अपने खर्चों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि पिछले चार वर्षों में सीमेंट के दाम धीरे-धीरे कई बार बढ़ाए गए हैं। सुधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों को लेकर अब जनता में भी चर्चा कम हो गई है और लोगों को सरकार की घोषणाएं धरातल पर उतरती नजर नहीं आ रही हैं।
वहीं, धर्मशाला के पूर्व मेयर देवेंद्र जग्गी द्वारा धर्मशाला की जनता से माफी मांगने को लेकर दिए गए बयान पर विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि उन्होंने धर्मशाला से चुनाव लड़ा और जनता ने उन्हें वोट देकर जिताया है, ऐसे में वह माफी क्यों मांगें। उन्होंने कांग्रेस सरकार से केंद्रीय विश्वविद्यालय, सड़कों की स्थिति और नगर निगम से जुड़े मुद्दों पर जवाब मांगते हुए कहा कि इन मामलों को लेकर सरकार को जनता और अपने कार्यकर्ताओं से माफी मांगनी चाहिए।
एचपीटीडीसी कर्मचारियों के वेतन का मुद्दा उठाते हुए सुधीर शर्मा ने धर्मशाला में निर्माणाधीन भवन को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने इसे कथित तौर पर अवैध निर्माण बताते हुए कहा कि यदि भविष्य में अदालत का फैसला निर्माण के खिलाफ आता है तो इसमें खर्च हुई धनराशि की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कानून और नियम आम लोगों के साथ-साथ सरकार पर भी समान रूप से लागू होने चाहिए।
कांग्रेस के मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर सुधीर शर्मा ने सरकारी संपत्ति और वाहनों को नुकसान पहुंचाने के आरोपों पर सवाल उठाए। उन्होंने कांग्रेस पर मुद्दाविहीन होने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष को देश में अराजकता का माहौल पैदा करने के बजाय ठोस मुद्दों पर काम करना चाहिए।



