बच्चों के भविष्य को संवारने में शिक्षक और अभिभावकों की भूमिका महत्वपूर्ण: आर.एस. बाली
रेनबो इंटरनेशनल स्कूल के वार्षिक समारोह में मुख्य अतिथि HPTDC के अध्यक्ष ने नवाजे होनहार
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)
बच्चों के भविष्य को संवारने में शिक्षक और अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यह वक्तव्य हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) एवं विधायक आर.एस. बाली ने रविवार को रेनबो इंटरनेशनल स्कूल नगरोटा बगवां के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए व्यक्त किए। बाली ने कहा कि प्रदेश सरकार शैक्षणिक संस्थानों के आधारभूत ढांचे को मजबूत कर शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार पर विशेष ध्यान केंद्रित कर रही है।
बाली ने कहा कि सरकारी स्कूलों के साथ-साथ निजी स्कूलों द्वारा भी शिक्षा विस्तार में अहम भूमिका निभाई जा रही है। शिक्षा के प्रसार के लिए सभी सरकारों ने काम किया है, लेकिन अब शिक्षा की बेहतर गुणवत्ता को सुनिश्चित बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य के सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम शुरू किया है ताकि बच्चे भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें। प्रदेश सरकार शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी कड़ी में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि बच्चों को उनके अपने क्षेत्र में ही गुणात्मक और आधुनिक शिक्षा प्राप्त हो सके।

नशे से दूर बनाए रखने का आग्रह
आर.एस. बाली ने शिक्षकों और अभिभावकों से बच्चों को नशे से दूर बनाए रखने के लिए भी सकारात्मक कदम उठाने का भी आग्रह किया। उन्होंने बच्चों से नशे से दूर रहने और पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ खेलकूद,सांस्कृतिक तथा अन्य सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया। बाली ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों के लिए अपनी ऐच्छिक निधि से 2 लाख रुपए देने की घोषणा भी की। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी। इसके उपरांत उन्होंने विभिन्न गतिविधियों में अव्वल रहे छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया।
इससे पहले, रेनबो इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक जे.आर. कश्यप ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और प्रिंसिपल डॉ. छवी कश्यप ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट व अन्य गतिविधियों बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर एसडीएम मुनीश शर्मा, डीएम एचआरटीसी पंकज चड्डा, विद्यालय के प्रबंधक, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारियों सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



