चुनावराष्ट्रीयहिमाचल प्रदेश

हिमाचल निकाय चुनाव परिणाम: देहरा में बदलाव, शाहपुर में कांग्रेस का दबदबा

7 में से 5 सीटों पर दर्ज की शानदार जीत, कार्यकर्ताओं में ख़ुशी की लहर

धर्मशाला।

प्रदेश में शहरी निकाय चुनाव के नतीजे आ गए हैं। नगर परिषद देहरा और ज्वालामुखी में कांग्रेस ने जीत हासिल की है। नगर परिषद देहरा के चुनाव में इस बार बड़ा बदलाव नजर आया। लगातार अध्यक्ष पद पर कब्जा करती आ रही भाजपा इस बार सिर्फ दो ही सीटों पर जीत दर्ज कर पाई। इसमें वार्ड दो से मलकीयत सिंह परमार और छह से पारस चौहान शामिल हैं।

नगर पंचायत शाहपुर में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए शानदार जीत दर्ज की है। कुल 7 वार्डों में से 5 वार्डों पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने जीत का परचम लहराकर कांग्रेस की झोली मजबूत की है। ​चुनाव परिणाम घोषित होने के तुरंत बाद सभी विजेता कांग्रेस प्रत्याशी ‘रेत’ स्थित मुख्य कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। यहाँ उन्होंने स्थानीय लोकप्रिय विधायक केवल सिंह पठानिया से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। विधायक केवल सिंह पठानिया ने सभी नवनिर्वाचित पार्षदों का ढोल-नगाड़ों और गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। उन्होंने सभी पार्षदों को हार पहनाकर और मुंह मीठा करवाकर बधाई दी।

​इस अवसर पर विधायक केवल सिंह पठानिया ने शाहपुर नगर पंचायत की देवतुल्य जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत विकास और जनता के विश्वास की जीत है। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को पूरी निष्ठा के साथ जनता की सेवा करने का आह्वान किया।

​वार्ड अनुसार ये रहे विजेता
​वार्ड नम्बर 1: अभिषेक माथुर (21 वोटों से विजयी)
​वार्ड नम्बर 2: अनुपमा (41 वोटों से विजयी)
​वार्ड नम्बर 3: बबिता शर्मा (75 वोटों से विजयी)
​वार्ड नम्बर 4: प्रीति परिहार (73 वोटों से विजयी)
​वार्ड नम्बर 5: राजीव पटियाल (201 वोटों से विजयी)
​वार्ड नम्बर 6: नितिन (52 वोटों से विजयी)
​वार्ड नम्बर 7: विजय गुलेरिया (137 वोटों से विजयी)

कांगड़ा शहर की सियासत में इस बार भी वही परंपरा जारी रही जो पिछले कई दशकों से चली आ रही है। नगर परिषद के इस चुनाव में भी भाजपा को करारा झटका लगा है, जहां पार्टी समर्थित केवल एक उम्मीदवार वार्ड नंबर आठ से शुभम कुमार ही जीतने में कामयाब रहे। बाकी सभी सीटों पर भाजपा समर्थितों को हार का सामना करना पड़ा। इस चुनाव में नगर परिषद के तीनों पूर्व अध्यक्षों ने एक बार फिर वापसी करते हुए अपनी जीत का जलवा बरकरार रखा है। अब सारा दारोमदार आगामी समीकरणों पर टिक गया है। नौ सदस्यीय नगर परिषद कांगड़ा में शहर की सियासत का ताज उसी के सिर सजेगा, जिसके पास पांच पार्षदों का स्पष्ट समर्थन होगा।

चुनाव परिणामों में शहर के पुराने दिग्गजों का दबदबा देखने को मिला। वार्ड दो से पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सुमन वर्मा ने अपनी सीट बचाते हुए जीत का जलवा बरकरार रखा। वार्ड सात से पूर्व नप अध्यक्ष कोमल शर्मा ने अपनी पुरानी साख को कायम रखते हुए एक बार फिर जीत हासिल की। इसके अलावा वार्ड नौ में पूर्व अध्यक्ष अशोक शर्मा ने 302 वोट हासिल कर अपना जीत का सफर जारी रखा। वार्ड छह से पूर्व नप उपाध्यक्ष राजकुमारी ने भी मतदाताओं का भरोसा जीता है।

चुनाव परिणाम में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों की जीत के बाद एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा में शहर में विजय रैली निकाली। इसमें विजेता प्रत्याशियों के अलावा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। लगातार तीन बार नगर परिषद अध्यक्ष बनती आ रही सुनीता कुमारी इस बार 44 मत से पराजित हो गईं। वार्ड एक से निष्ठा चंबियाल विजयी रहीं। उन्हें कुल 517 में से 294 मत पड़े। सुमन बाला को 192, दीक्षा को 26 और नोटा को पांच वोट पड़े। वार्ड दो में मलकीयत सिंह परमार विजेता घोषित किए गए। उन्होंने कुल 322 में से 175 मत प्राप्त किए जबकि विपन गुलेरिया को 138, बृजेश्वर साकी को सात और नोटा के पक्ष में दो वोट गए।

वार्ड तीन में नरेश कुमार ने लगातार तीन बार से नगर परिषद अध्यक्ष बनती आ रही सुनीता कुमारी को हराया। नरेश को 251 और सुनीता को 207 वोट पड़े। तीन वोट नोटा के पक्ष में रहे। वार्ड चार में उपासना सूद ने 172 वोट लेकर जीत दर्ज की जबकि संगीता शर्मा को 154 वोट के साथ संतोष करना पड़ा। वार्ड पांच में किरण सबसे ज्यादा 156 वोट लेकर विजेता बनी जबकि पूनम 122 और वंदना 60 मत प्राप्त कर पाई। नोटा को तीन वोट मिले।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!