राजनीतिहिमाचल प्रदेश

सुधीर शर्मा का कांग्रेस पर हमला: बोले ‘CM सुक्खू की भाषा हिमाचल की गरिमा के खिलाफ

मोदी के नेतृत्व में भारत का विश्व पटल पर उदय, चामुंडा धाम में सुधीर शर्मा ने की प्रधानमंत्री की दीर्घायु की कामना

धर्मशाला।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व और केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन व जनकल्याण को समर्पित 12 स्वर्णिम वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज बुधवार को पवित्र श्री चामुंडा नंदिकेश्वर धाम में भक्तिमय माहौल के बीच विशेष पूजा-अर्चना और हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। इस गौरवमयी कार्यक्रम में धर्मशाला के विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुधीर शर्मा ने मुख्य रूप से शिरकत कर प्रधानमंत्री की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और अखंड राष्ट्र सेवा के लिए ईश्वर से मंगल कामना की।

वैश्विक मंच पर भारत का बढ़ता गौरव
हवन-पूजन के पश्चात सुधीर शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज विश्व के सबसे प्रभावशाली और लोकप्रिय नेता के रूप में स्थापित हो चुके हैं। उनके मार्गदर्शन में भारत ने न केवल निरंतर विकास और आत्मनिर्भरता की राह पकड़ी है, बल्कि वैश्विक नेतृत्व की नई ऊंचाइयों को भी छुआ है। सुधीर शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार की दूरदर्शी नीतियों का लाभ आज समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जिससे आम जनमानस का विश्वास तंत्र के प्रति और सुदृढ़ हुआ है।

धर्मशाला का कायाकल्प: केंद्र की देन
क्षेत्रीय विकास पर चर्चा करते हुए सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला को आज जो ‘स्मार्ट सिटी’, ‘स्पोर्ट्स सिटी’ और ‘एजुकेशन हब’ जैसी वैश्विक पहचान मिली है, उसमें केंद्र की मोदी सरकार का अतुलनीय योगदान है। उन्होंने ढगवार मिल्क प्लांट और यूनिटी मॉल जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन प्रयासों ने न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति दी है, बल्कि पर्यटन के क्षेत्र में भी धर्मशाला को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।

कांग्रेस की ‘अमर्यादित’ राजनीति पर तीखा हमला
एक विशेष सत्र के दौरान सुधीर शर्मा ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस नेताओं की भाषा का स्तर निरंतर गिरता जा रहा है, जो चिंताजनक है। मुख्यमंत्री द्वारा अपनी ही पार्टी के पूर्व सीपीएस नीरज भारती के विरुद्ध की गई टिप्पणी को उन्होंने ‘निम्न सोच’ का परिचायक बताया। सुधीर शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जैसे गरिमामयी पद पर बैठे व्यक्ति को इस प्रकार की अमर्यादित शब्दावली शोभा नहीं देती।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और समृद्धि का संकल्प दोहराते हुए एक सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सहभागिता का प्रण लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!