बीजेपी विधायक सुधीर शर्मा ने फिर दिखाई दरियादिली, अपनों के लिए खोला खजाना
खनियारा में 5 लाख से बनेगा आधुनिक अखाड़ा, 4 लाख से बन रहा शहीद की याद में गेट
धर्मशाला।
खनियारा में आधुनिक अखाड़ा बनाया जाएगा, जिस पर पांच लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। इतना ही नहीं मेला मैदान के सौंदर्यीकरण के लिए बजट का जल्द प्रावधान किया जाएगा। साथ ही खनियारा में जल्द ही 20 सोलर लाइट्स लगाई जाएंगी। यह बात धर्मशाला के विधायक और भाजपा नेता सुधीर शर्मा ने रविवार को खनियारा में चल रहे सालाना मेले के अवसर पर रविवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही।
विधायक सुधीर शर्मा ने अपनी ओर से मेला आयोजन समिति को 50 हज़ार रुपए देने की घोषणा करते हुए कहा कि अमर शहीद सुनील जंग महंत जी की याद में खनियारों में प्रवेश द्वार बन रहा है। इस पर चार लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं। इस गेट को अप्रैल माह में जनता को समर्पित किया जाएगा।
विधायक शर्मा ने कहा कि खनियारा में बटवाल फाउंडेशन भवन के लिए 10 लाख रुपए दिए गए हैं। खनियारा वार्ड के 18 परिवारों को मकान बनाने और पुराने मकान की मरम्मत के लिए 19.5 लाख दिए हैं। वहीं रास्तों, डंगों की मरम्मत व निर्माण के लिए लगभग 23 लाख रुपए दिए हैं।
सुधीर शर्मा ने कहा कि गत वर्ष सर्वकल्याणकारी संस्था व नवजीवन फाउंडेशन की ओर से विशाल हैल्थ कैम्प खनियारा में आयोजित किए गया था, उसमें भी उनकी ओर से 50 हज़ार का योगदान दिया गया था।
विधायक सुधीर शर्मा ने मेला समिति को कार्यक्रम के सफल आयोजन की बधाई देते हुए कहा कि मेले हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचाने का काम करते हैं। ये न केवल मनोरंजन प्रदान करते हैं, बल्कि समुदाय के लोगों को एकजुट होने का अवसर भी देते हैं। इससे भाईचारा बढ़ता है। मेलों में लोक नृत्य, लोक गीत, पारंपरिक परिधान और स्थानीय व्यंजनों की समृद्ध झलक मिलती है।
सुधीर शर्मा ने कहा कि ग्रामीण मेलों और कार्यक्रमों को और सफल बनाने के लिए वह हर गांव में एक मैदान विकसित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में जिस तेजी से विकास हो रहा था, उसे मौजूदा कांग्रेस सरकार ने रोक दिया है। आने वाले समय में जनता कांग्रेस को अवश्य सबक सिखाएगी।


