शहीदी दिवस पर हिमाचल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को अर्पित की श्रद्धांजलि
शिमला/ धर्मशाला।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर आज शुक्रवार को हिमाचल में शिमला, धर्मशाला सहित प्रदेश भर में शहीदी दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। शिमला में रिज मैदान पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के शहादत दिवस पर उन्हें शत्-शत् नमन किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बापू की प्रतिमा पर फूल अर्पित किए। इस मौके पर मुख़्यमंत्री सुक्खू ने कहा, बापू का जीवन ग़रीब, श्रमिक और ग्राम-स्वराज के अधिकारों के लिए समर्पित था। महात्मा गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि उनके आदर्शों-रोज़गार का अधिकार, पंचायतों की शक्ति और सामाजिक न्याय की रक्षा है।

वहीं धर्मशाला में उपायुक्त कार्यालय परिसर में अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा देश के प्रति उनके अमूल्य योगदान का स्मरण किया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी की शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे गांधीजी द्वारा बताए गए सत्य, अहिंसा और नैतिक मूल्यों के मार्ग पर चलने का संकल्प लें, ताकि वे अच्छे नागरिक बनकर देश और समाज की सेवा कर सकें।
इसके अतिरिक्त जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी शहीदी दिवस के अवसर पर दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर एसी जगदीप कुमार, एसडीएम मोहित रत्न सहित विभिन्न कार्यालयों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



