हिमाचल: स्थानीय निकाय चुनाव का ऐलान
पंचायत चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मियों के भत्तों में वृद्धि
धर्मशाला।
हिमाचल प्रदेश में चुनाव आयोग 51 शहरी निकायों में चुनाव की घोषणा की है। इनके लिए 17 मई को वोट डाले जाएंगे। आयोग ने कहा है कि राज्य के पंचायत चुनावों की घोषणा भी एक सप्ताह के भीतर की जाएगी। आयोग के अनुसार मतगणना 31 मई से पहले पूरी होगी। निर्वाचन आयोग के ऐलान के बाद 51 शहरी निकायों में चुनाव होंगे। इनमें धर्मशाला, पालमपुर, सोलन और मंडी नगर निगम, 25 नगर परिषद और 22 नगर पंचायत शामिल हैं। इसके लिए राज्य के कुल 1806 मतदान केंद्र में वोटिंग होगी। आयोग के अनुसार 17 मई सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। नगर पंचायत और नगर परिषद के चुनाव की उसी दिन मतगणना हो जाएगी। नगर निगम की मतगणना 31 मई को होगी।
कब क्या होगा
21 अप्रैल को चुनाव आयोग अधिसूचना जारी की
29 अप्रैल तक मतदान केंद्रों की सूची जारी होगी।
29, 30 अप्रैल और दो मई को नामांकन दाखिल होंगे
6 मई को दोपहर 3 बजे तक नाम वापस ले सकेंगे
17 मई को वोट डाले जाएंगे, 31 मई को होगी काउंटिंग
कांग्रेस सरकार का होगा ‘टेस्ट’
हिमाचल प्रदेश स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों में सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार का सियासी टेस्ट होगा। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस दिसंबर 2022 को घोषित नतीजों में जीत हासिल की थी। पार्टी ने 68 में से 40 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया था। सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में दिसंबर 2022 में यह सरकार सत्ता में आई। इसके बाद राज्य में विधानसभा के उपचुनावों में कांग्रेस ने साख बचा ली थी, हालांकि लोकसभा चुनावों में कांग्रेस को झटका लगा था। बीजेपी ने राज्य में सत्ता होने के बाद भी सभी चार सीटों पर कब्जा जमाया था। सुप्रीम कोर्ट ने हिमाचल प्रदेश सरकार से 31 मई के पहले चुनाव कराने को कहा था। प्रदेश में 74 में से 51 शहरी निकायों में चुनाव होंगे। इसके अलावा बाकी में चुनाव अगले दो साल में कराए जाने की उम्मीद है।
पंचायत चुनाव पर फैसला जल्द
राज्य निर्वाचन आयुक्त अनिल खाची ने पत्रकार वार्ता में कहा कि पंचायत चुनाव का एक सप्ताह के भीतर एलान कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार और चुनाव आयोग के बीच कोई टकराव नहीं है। अनिल खाची ने यह स्पष्ट कर दिया कि 31 मई से पूर्व ही पंचायत चुनाव भी करवा दिए जाएंगे, इसलिए निकायों की मतगणना 31 मई को रखी गई है। निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि 1,80,963 पुरुष और 1,79,882 महिला मतदाता मतदान करेंगे। 1808 मतदाता पहली बार मतदान करेंगे। मतदाता 16 प्रकार के पहचान पत्रों का इस्तेमाल कर सकेंगे। आयोग के अनुसार मतदान से 48 घंटे पूर्व शराब के ठेके बंद रहेंगे, मतगणना के दिन भी बंद रहेंगे। नगर निगम के लिए एक लाख, नगर परिषद के लिए 75 हजार व नगर पंचायत प्रत्याशी के लिए 50 हजार रुपये खर्च सीमा तय की गई है। आने वाले समय में अगर आयोग ऐलान करता है तो राज्य की 3758 पंचयतों में प्रधान, उपप्रधान व वार्ड पंच सहित जिला परिषद वार्ड और बीडीसी सदस्य के लिए मतदान होगा।



