भाजपा के दावों पर देवेंद्र जग्गी का करारा जवाब
कहा, भाजपा में शामिल होने वाले लोग पहले से ही भाजपा समर्थक
धर्मशाला।
कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता देवेंद्र सिंह जग्गी ने आज बुधवार को धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में भाजपा द्वारा किए जा रहे दावों पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
देवेंद्र जग्गी ने कहा कि आज जिन लोगों के भाजपा में शामिल होने की बात कही जा रही है, वे सभी पहले से ही भाजपा समर्थक थे। उनमें से एक भी व्यक्ति कभी भी कांग्रेस पार्टी का प्राथमिक सदस्य नहीं रहा है। इस प्रकार के दावे केवल जनता को गुमराह करने के उद्देश्य से किए जा रहे हैं।
जग्गी ने कहा कि नगर निगम चुनाव में अपनी संभावित हार को भांपते हुए भारतीय जनता पार्टी अब इस तरह के भ्रम फैलाने वाले हथकंडे अपना रही है, लेकिन धर्मशाला की जागरूक जनता भाजपा की इस राजनीति को अच्छी तरह समझती है और ऐसे प्रयासों को सफल नहीं होने देगी। देवेंद्र जग्गी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनहित के मुद्दों पर काम करती आई है और आगे भी मजबूती के साथ जनता की आवाज उठाती रहेगी।
आज कांग्रेस के 6 उम्मीदवारों ने भरे नामांकन
धर्मशाला नगर निगम चुनावों को लेकर आज बुधवार से नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आज एक आज़ाद उम्मीदवार सहित 6 कांग्रेस के प्रत्याशियों ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें कांग्रेस की ओर से नीनू शर्मा ने वार्ड नंबर 4 से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया, जबकि वार्ड नंबर 5 से शैलजा, वार्ड नंबर 10 से सुदेश कुमार, वार्ड नंबर 11 से अनुराग, वार्ड नंबर 16 से बबिता शर्मा ने अपना नामांकन पत्र भरा। जबकि वार्ड नंबर 15 से प्रताप चंद ने आजाद उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन पत्र भरा।
एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न ने कहा, सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर 3 बजे तक सभी उम्मीदवारों के नामांकन पत्र दाखिल किए जा रहे हैं। आज 7 उम्मीदवारों ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। कोर्ट रूम के बाहर पुलिस का सख्त पहरा है। उम्मीदवार के साथ महज दो लोगों को ही प्रवेश करने की अनुमति है।



