नॉर्थ जोन में 50 हजार हेक्टेयर में धान की बुवाई
अच्छी फसल की उम्मीद, उत्पादन का अनुमान लगाना अभी जल्दबाजी: डॉ. राहुल कटोच
धर्मशाला।
हिमाचल प्रदेश के नॉर्थ जोन में इस बार धान की बुवाई लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। किसानों द्वारा बड़े पैमाने पर धान की रोपाई की जा रही है, जबकि कुछ क्षेत्रों में यह कार्य अभी जारी है। कृषि विभाग के संयुक्त कृषि निदेशक डॉ. राहुल कटोच से बात की तो उन्होंने कहा कि उत्पादन को लेकर फिलहाल कोई अनुमान लगाना जल्दबाजी होगी, क्योंकि यह पूरी तरह मानसून और मौसम की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।
संयुक्त कृषि निदेशक डॉ. राहुल कटोच ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के नॉर्थ जोन के पांच जिलों कांगड़ा, मंडी, ऊना, हमीरपुर और चंबा में इस वर्ष करीब 50 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में धान की खेती की जा रही है। अभी तक करीब 90 प्रतिशत धान की बुवाई पूरी हो चुकी है, जबकि कुछ क्षेत्रों में रोपाई का कार्य अभी शेष है।
फिलहाल धान की फसल ट्रांसप्लांटिंग और डायरेक्ट सीडिंग के चरण में है। ऐसे में उत्पादन का सटीक अनुमान लगाना अभी संभव नहीं है। फसल की पैदावार आगामी मानसून, मौसम की स्थिति और पर्यावरणीय परिस्थितियों पर निर्भर करेगी। यदि मौसम अनुकूल रहा तो इस वर्ष किसानों को अच्छी पैदावार मिलने की उम्मीद है।


