हिमाचल प्रदेश

जश्न नहीं ‘जन-सेवा’ का संकल्प: जन्मदिन पर सुधीर शर्मा की बड़ी पहल, 15 दिव्यांग बच्चों को लेंगे गोद

विधायक सुधीर शर्मा के जन्मदिन पर 100 महिलाओं को पेंशन और 150 परिवारों को मिलेगी व्हीलचेयर

धर्मशाला।

राजनीति जब सामाजिक सरोकारों से जुड़ती है, तो वह समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में बदलाव का माध्यम बनती है। पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक सुधीर शर्मा इस बार अपने जन्मदिन को भव्य आयोजनों के बजाय ‘सेवा संकल्प’ के रूप में मनाने जा रहे हैं। आगामी 2 अगस्त को धर्मशाला के रक्कड़ में आयोजित होने वाले समारोह में सुधीर शर्मा न केवल जरूरतमंदों की मदद करेंगे, बल्कि समाज के वंचित वर्गों के लिए कई दूरगामी योजनाओं की शुरुआत भी करेंगे

15 दिव्यांग बच्चों का भविष्य संवारेंगे सुधीर शर्मा
धर्मशाला भाजपा मंडल के कार्यकारी महामंत्री शुभम सूद ने बताया कि विधायक सुधीर शर्मा ने इस बार 15 दिव्यांग बच्चों को गोद लेने का निर्णय लिया है। इन बच्चों के भरण-पोषण से लेकर शिक्षा और स्वास्थ्य का पूरा खर्च विधायक स्वयं उठाएंगे। इसके साथ ही, क्षेत्र के 150 ऐसे परिवारों को व्हीलचेयर प्रदान की जाएगी, जो बीमारी या शारीरिक अक्षमता के कारण चलने-फिरने में असमर्थ हैं।

100 महिलाओं के लिए निजी पेंशन योजना
समारोह के दौरान 85 जरूरतमंद व्यक्तियों को उच्च गुणवत्ता वाले आधुनिक श्रवण यंत्र वितरित किए जाएंगे। एक बड़ी मानवीय पहल के तहत सुधीर शर्मा उन 100 महिलाओं के लिए विशेष पेंशन योजना शुरू करने जा रहे हैं, जिनके घर में कोई कमाने वाला सदस्य नहीं है। विधायक अपने निजी कोष से हर तीन महीने में इन महिलाओं को आर्थिक सहायता (पेंशन) उपलब्ध कराएंगे, ताकि वे सम्मान के साथ अपना जीवनयापन कर सकें।

एक पेड़ मां के नाम’ और संस्कारों की पाठशाला
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए इस कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभियान ‘एक पेड़ मां के नाम’ से जोड़ा गया है। इस अवसर पर करीब 1500 फलदार पौधों का वितरण किया जाएगा। वहीं, नई पीढ़ी में नैतिक मूल्यों के संचार के लिए 100 स्कूली बच्चों को ‘श्रीमद्भगवद्गीता’ भेंट की जाएगी।

आपदा पीड़ितों और बुजुर्गों का भी रखा ख्याल
विधायक सुधीर शर्मा ने हालिया भारी बारिश से प्रभावित हुए उन परिवारों को भी आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया है जिनके घरों को नुकसान पहुँचा है। इसके अतिरिक्त, सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए दाड़ी स्थित वृद्धाश्रम को एक झूला भेंट किया जाएगा। मेधावी लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने का जिम्मा भी इस सेवा संकल्प का हिस्सा होगा।

भाजपा मंडल के अनुसार, यह आयोजन केवल एक जन्मदिन का उत्सव नहीं, बल्कि धर्मशाला की जनता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और उनके दुखों को साझा करने का एक प्रयास है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!