अंतरराष्ट्रीयक्राइमराष्ट्रीयहिमाचल प्रदेश

धर्मशाला में बम की धमकी से हड़कंप: ‘खालिस्तानी नेशनल आर्मी’ के नाम से आया ईमेल

चार प्रमुख संस्थानों को उड़ाने की धमकी, अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां

धर्मशाला।

हिमाचल प्रदेश के पर्यटन केंद्र धर्मशाला में उस वक्त हड़कंप मच गया जब अज्ञात शरारती तत्वों ने ईमेल के जरिए शहर के कई महत्वपूर्ण संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी दी। इस धमकी भरे ईमेल में ‘खालिस्तानी नेशनल आर्मी’ के नाम का इस्तेमाल किया गया है, जिसके बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई हैं।

इन संस्थानों को बनाया गया निशाना
धमकी भरे ईमेल में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय योल, राजकीय बॉयज स्कूल, नगर निगम कार्यालय और एसडीएम कार्यालय को निशाना बनाने की बात कही गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कांगड़ा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

तलाशी अभियान में नहीं मिला कोई संदिग्ध सामान
पुलिस अधीक्षक कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय योल के प्राचार्य की शिकायत मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। एहतियात के तौर पर सभी संबंधित परिसरों को तुरंत खाली कराया गया और बम निरोधक दस्ते ने गहन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, जांच के दौरान किसी भी स्थान से कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

तकनीकी जांच और गूगल से संपर्क
एसपी कुलभूषण वर्मा ने कहा कि प्रारंभिक जांच में ईमेल भेजने वाले ने खुद को ‘खालिस्तानी नेशनल आर्मी’ से जुड़ा बताया है। हम इस धमकी के पीछे की सच्चाई जानने के लिए तकनीकी पहलुओं पर काम कर रहे हैं। भेजने वाले की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आईपी एड्रेस खंगाले जा रहे हैं और इस संबंध में गूगल व अन्य संबंधित एजेंसियों से भी संपर्क साधा गया है।

15 अगस्त को लेकर सुरक्षा चाक-चौबंद
15 अगस्त के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। पुलिस, सेना और खुफिया एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ चप्पे-चप्पे पर नजर रख रही हैं। एसपी ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक न हों। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी धमकियां समाज में डर पैदा करने की एक कोशिश हो सकती हैं, लेकिन पुलिस हर पहलू की सूक्ष्मता से जांच कर रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!