राजनीतिराष्ट्रीयहिमाचल प्रदेश

जयराम ठाकुर की सरकार को चुनौती, ‘सच सार्वजनिक करें वरना खटखटाएंगे हाईकोर्ट का दरवाजा’

शिमला के रिज पर गूंजी देशभक्ति की हुंकार: बीजेपी का 'जवाबी धरना', 'वंदे मातरम्' से गूंजा ऐतिहासिक मैदान

शिमला।

शिमला का ऐतिहासिक रिज मैदान रविवार को देशभक्ति के सुरों और नारों से सराबोर हो उठा। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा विधायक दल ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष विशाल ‘जवाबी धरना’ दिया। सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ और ‘रंग दे बसंती चोला’ जैसे गीतों के साथ भाजपा ने राष्ट्रगीत के सम्मान और सदन की गरिमा को लेकर कड़ा संदेश दिया।

जयराम ठाकुर ने पत्रकारों से बात करते हुए कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। जयराम ठाकुर ने कहा कि वंदे मातरम् भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की आत्मा है, जिसके उद्घोष मात्र से क्रांतिकारियों में नई ऊर्जा का संचार होता था। ठाकुर ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस आज भी 1937 की उसी मानसिकता में जी रही है, जब उसने राष्ट्रगीत को खंडित करने का प्रयास किया था। स्वतंत्र भारत में राष्ट्रगीत का सम्मान किसी राजनीतिक दल की इच्छा नहीं, बल्कि संवैधानिक और राष्ट्रीय भावना का विषय है। वंदे मातरम् का अपमान पूरा देश देख रहा है और इसे कभी स्वीकार नहीं किया जाएगा।

वीडियो फुटेज पर तकरार और कानूनी चेतावनी
विधानसभा में राष्ट्रगान के अपमान के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने सरकार को चुनौती दी। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष झूठ का सहारा लेकर विपक्ष को बदनाम करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने मांग की कि विधानसभा की कार्यवाही का पूरा वीडियो सार्वजनिक किया जाए ताकि सच सबके सामने आ सके। जयराम ठाकुर ने दो टूक कहा कि हम तीन दिनों से वीडियो की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार इसे छिपा रही है। यदि जल्द ही सच्चाई सामने नहीं आई, तो भाजपा कानूनी विकल्पों का परीक्षण कर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने से पीछे नहीं हटेगी।

जनहित के मुद्दों से भाग रही सरकार
जयराम ठाकुर ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह बेरोजगारी और ‘पांच लाख नौकरियों’ की गारंटी जैसे ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा से बचने के लिए सदन में गतिरोध पैदा कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के इतिहास में पहली बार ऐसा हो रहा है कि विपक्ष चर्चा चाहता है, लेकिन सत्ता पक्ष खुद ही सदन से वॉकआउट कर भाग रहा है। यह लोकतांत्रिक परंपराओं का हनन है।

देशभक्ति के रंग में रंगा रिज मैदान
धरने के दौरान रिज मैदान पर अभूतपूर्व उत्साह देखा गया। पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने जब ‘रंग दे बसंती चोला’ गाया, तो कार्यकर्ताओं का जोश सातवें आसमान पर पहुंच गया। इस दौरान विपिन सिंह परमार, बिक्रम ठाकुर, सुधीर शर्मा और राकेश जमवाल सहित भाजपा के तमाम दिग्गज विधायक और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भाजपा ने स्पष्ट कर दिया है कि राष्ट्रगीत और जनहित के विषयों पर उनका संघर्ष सदन से लेकर सड़क और अदालत तक जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!