हिमाचल की गोल्डन गर्ल्स खिलाड़ियों को मिलेंगे एक-एक करोड़
तीनों को सरकारी नौकरी भी, क्रिकेटर रेणुका ठाकुर को भी इनके समान ईनाम की घोषणा

शिमला।
एशियाई खेलों में भारतीय महिला कबड्डी टीम को गोल्ड मेडल दिलाने वाली हिमाचल की तीन खिलाड़ियों को अब राज्य सरकार एक-एक करोड़ रुपए का पुरस्कार देगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर से मुलाकात के दौरान तीनों खिलाडियों को एक-एक करोड़ रुपए देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को हिमाचली टोपी और शॉल पहनाकर सम्मानित किया और उनकी उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के सम्मान में जल्द समारोह आयोजित किया जाएगा। इसी समारोह में उन्हें घोषित पुरस्कार राशि भी प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि तीनों खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में रोजगार भी दिया जाएगा। जो खिलाड़ी पुलिस विभाग में नौकरी नहीं करना चाहेंगी, उन्हें युवा सेवाएं एवं खेल विभाग में नियुक्ति दी जाएगी।
सरकार का कहना है कि इससे खिलाड़ी प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के साथ अपना खेल करियर भी जारी रख सकेंगी। मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की हिमाचली खिलाड़ी रेणुका ठाकुर को भी उनकी खेल उपलब्धियों के सम्मान में एक करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की। रेणुका को यह पुरस्कार क्रिकेट में उनकी शानदार उपलब्धियों के लिए दिया जाएगा।



