ठेकेदारों को मिला उप मुख्यमंत्री का भरोसा, फिर भी किया ये ऐलान
ठेकेदार गोल्डी ने कहा, 12 नवंबर को गांधी वाटिका से निकाली जाएगी एक रैली
धर्मशाला
हिमाचल में विकास को गति देने वाले ठेकेदारों के साथ प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार भाई भतीजावाद कर रही है। कांगड़ा के ठेकेदारों का भुगतान अभी तक हुआ है, जबकि हमीरपुर नादौन, देहरा और शिमला के ठेकेदारों के भुगतान धड़ाधड़ हो रहे हैं। इसी सिलसिले में कांगड़ा के करीब एक दर्जन ठेकेदारों ने सोमवार देर शाम ठेकेदार गोल्डी के नेतृत्व में सर्किट हाउस पहुंच कर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से मुलाकात कर शीघ्र कदम उठाने की मांग की। साथ ही जिन ठेकेदारों को अभी तक टोकन जारी नहीं हुए हैं, उन्हें टोकन जारी करवा जाएं।
ठेकेदारों ने उपमुख्यमंत्री अग्निहोत्री को कहा कि एलओसी लेटर आफ क्रेडिट एक्सियन आफिसर से ट्रेजरी को भेजे गए हैं, पर भुगतान नहीं हो सका है। कांगड़ा सर्कल में सात मंडल जलशक्ति विभाग के हैं और सात ही सर्कल लोनिवि के हैं। कई हेड से ठेकेदारों से काम करवा चुके हैं, लेकिन भुगतान नहीं हुआ है। जिला कांगड़ा के ठेकेदारों के करोड़ों रुपए लंबित हैं। ऐसे में ठेकेदारों के परिवार और ठेकेदारों से जुड़े परिवारों को आर्थिक मार का सामना करना पड़ रहा है।
ठेकेदार गोल्डी ने बताया कि सोमवार देर शाम को काफी संख्या में ठेकेदारों ने सर्किट हाउस में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से मुलाकात कर सबसे पहले बेटी डॉ आस्था के विवाह की शुभकामनाएं दी। इसके बाद उपमुख्यमंत्री अग्निहोत्री ने सभी ठेकेदारों की परेशानियों को ध्यान से सुना और बेटी आस्था की शादी के बाद इस संबंध में उचित कदम उठाने का भरोसा दिया।
ठेकेदार गोल्डी ने कहा कि लोनिवि के 25 करोड़ के टोकन और आइपीएच के 15 करोड़ रुपए के टोकन ट्रेजरी में पड़े हैं, करीब 40 करोड़ के टोकनों का भुगतान नहीं हो पा रहा है। इसी क्रम में न्याय के लिए 11 नवंबर को कांगड़ा जोन ठेकेदार संघर्ष समिति के नामों की घोषणा की जाएगी। अगर ठेकेदारों के भुगतान नहीं होते हैं तो सरकार के पुतले फूंकने पड़े तो वह भी फूंकेंगे। वहीं 12 नवंबर को गांधी वाटिका से एक रैली निकाली जाएगी।


