DC साहब, फर्श को चमकाने से जनता की समस्याओं का समाधान नहीं होता!
सरकार के स्वागत से चंद घंटे पहले ऐसे बदली शहर की सूरत
धर्मशाला
विधानसभा के शीतकालीन सत्र के लिए जिला कांगड़ा प्रशासन की ओर से युद्धस्तर पर तैयारी की जा रही है। कोतवाली बाजार स्थित गांधी चौक से कचहरी अड्डा तक सड़क की सूरत ही बदल दी गई। सरकार के स्वागत के लिए डीसी ऑफिस ही नहीं विभिन्न विभागों के कार्यालयों को आकर्षक लाइटों से दुल्हन की तरह सजाया गया है। सोमवार देर शाम साढ़े छह बजे तक भी डीसी ऑफिस के परिसर में सफेदी का कार्य किया जा रहा था। इतना ही नहीं डीसी ऑफिस के ग्राउंड फ्लोर को फिनाइल का पोचा लगाकर चमकाया जा रहा था, जिससे फर्श पर किसी तरह का धब्बा नजर नहीं आए। स्वाभाविक है यह सब डीसी हेमराज बैरवा के दिशा निर्देश पर ही किया जा रहा है। लेकिन अब डीसी बैरवा साहब को कैसे बताएं कि फर्श को चमकाने से सरकार को तो खुश किया जा सकता है लेकिन आमजन की समस्याओं का समाधान नहीं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात को बंद हुए कई महीने हो गए हैं लेकिन अभी तक धर्मशाला बाईपास सड़क मार्ग को बहाल नहीं किया गया है। हैरानी की बात है कि कोतवाली बाजार के मुख्य चौक फव्वारा चौक पर पिछले काफी समय से सड़कों पर बड़े बड़े गड्ढे पड़े हुए थे। डीसी हेमराज बैरवा का भी इसी सड़क मार्ग से रोजाना ऑफिस आनाजाना लगा रहता था, लेकिन इस सड़क मार्ग की मरम्मत कराना इन्होंने उचित नहीं समझा। लेकिन 25 नवंबर को सरकार के आगमन से कुछ घंटे पहले इस गड्ढों की मरम्मत कर दी गई।

सूत्रों का सही कहना है कि डीसी साहब सरकार की सेवा में कोई कसर नहीं छोड़ते हैं। इन कार्यों के लिए बजट भी तुरंत प्रभाव से उपलब्ध हो जाता है। जब इन तमाम सवालों का जवाब जानने के लिए डीसी हेमराज बैरवा से फ़ोन पर सम्पर्क किया जाता है तो फ़ोन पिक नहीं किया जाता है, मैसेज किया जाता है तो जवाब आता है वीसी चल रही है या फिर मीटिंग। यानि आपको अपने सवालों का जवाब नहीं मिलेगा।



