सलियाना में पालमपुर विज्ञान केंद्र ने छात्रों को वैज्ञानिक प्रयोगों, सिद्धांतों, आविष्कारों से कराया परिचय
पालमपुर (कांगड़ा)
पालमपुर विज्ञान केन्द्र की ओर से वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सलियाना में भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी बस राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद की एक विशेष पहल है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरदराज़ क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक विज्ञान की जानकारी को रोचक और सरल तरीके से पहुंचाना है। इस दौरान विज्ञान के विभिन्न मॉडलों और प्रदर्शन से सुसज्जित यह बस विद्यालयों का भ्रमण कर विद्यार्थियों को वैज्ञानिक प्रयोगों, सिद्धांतों और आविष्कारों से परिचित कराती है। इससे विद्यार्थियों को विज्ञान सीखने और समझने का अवसर मिलता है, जो स्वयं विज्ञान केन्द्र तक नहीं पहुंच पाते।

कार्यक्रम के दौरान विज्ञान संचारक दिनेश कुमार ने विद्यार्थियों को विभिन्न विज्ञान मॉडलों और प्रदर्शनों के बारे में सरल, मनोरंजक और प्रायोगिक उदाहरणों के माध्यम से जानकारी दी। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रदर्शनी का अवलोकन किया, वैज्ञानिक सिद्धांतों को समझा और विज्ञान गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लिया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा, तार्किक सोच और नवाचार की भावना को प्रोत्साहन मिला। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना तथा उन्हें विज्ञान को दैनिक जीवन से जोड़कर समझने के लिए प्रेरित करना था। ज्ञातव्य रहे कि भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी विज्ञान केंद्र की एक नई पहल है जिसमें विज्ञान केंद्र तक नहीं पहुंच पाने वाले नागरिकों, गांवों, विद्यालयों में भी विज्ञान चेतना के प्रसार और विज्ञान केंद्र की गतिविधियों को लेकर जाने का लक्ष्य रखा गया है।



