चलो तपोवन : सर्द हवा में आज गरजेंगे पेंशनर्स, पुलिस ग्राउंड से तपोवन तक सुनाई देगी दहाड़
लम्बे समय से चली आ रही अपनी मांगों को लेकर सरकार तक बात पहुंचाएंगे : समिति
धर्मशाला
आज 28 नवंबर को हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले होने वाले विशाल प्रदर्शन को लेकर धर्मशाला का पुलिस ग्राउंड तैयार हो गया है। आपको बताते चलें कि इस प्रदर्शन में प्रदेश भर से पेंशनर्स अपनी आवाज को बुलंद करने के लिए पहुंचना शुरू हो गए हैं। पेंशनर की एक्शन कमेटी की कॉर्पोरेट सेक्टर के अध्यक्ष विजय कुमार कौल का कहना है कि इस प्रदर्शन में काफी संख्या में पहुंचेंगे और लम्बे समय से चली आ रही अपनी मांगों को लेकर सरकार तक बात पहुंचाएंगे।

अध्यक्ष सुरेश ठाकुर का कहना है कि इस प्रदर्शन को लेकर पिछले कल हुई बैठक में बताया गया कि जोरावर में होने वाली रैली में प्रदेश के कोने-कोने से आने वाले पेंशनरों की सूचना के कारण प्रदेश सरकार असहज ही नहीं बल्कि घबरा गई। इसलिए हड़बड़ाहट में प्रशासन के माध्यम से बीते बुधवार शाम को सूचित किया गया कि रैली स्थल जोरावर स्टेडियम से बदलकर पुलिस मैदान धर्मशाला कर दिया गया है।



