बारिश-बर्फबारी में भी नहीं रुके विधायक अनुराधा राणा के कदम
मयाड़ घाटी के दुर्गम गांवों में पहुंच कर सुनीं जन समस्याएं
केलांग।
लगातार बारिश और हल्की बर्फबारी के बीच विधायक अनुराधा राणा ने रविवार को लाहौल-स्पीति की सबसे दुर्गम मयाड़ घाटी का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं। प्रशासनिक अमले के साथ घाटी पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने जगह-जगह उनका भव्य स्वागत किया।
दौरे के दौरान ग्रामीणों ने पानी, सड़क, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। इस पर विधायक ने त्वरित संज्ञान लेते हुए उदयपुर प्रशासन को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
विधायक अनुराधा राणा ने मयाड़ घाटी में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कड़ाके की ठंड और खराब मौसम के बावजूद विधायक ने अपना दौरा जारी रखते हुए मयाड़ वेली के करपट, रूबलिंग, चिमरेट और टिंगरेट गांवों का भ्रमण किया और लोगों का हालचाल जाना। इस अवसर पर एसडीएम उदयपुर अलीशा चौहान, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अनिल ठाकुर, बीडीसी उपाध्यक्ष दिलीप बौद्ध, कमला ठाकुर, गोपाल शाशनी एवं कांग्रेस पार्टी के अन्य गणमान्य लोग तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



