वरिष्ठ कांग्रेस नेता कौल सिंह ठाकुर बोले: ‘निर्देश मिला तो द्रंग से लडूंगा चुनाव’
कुल्लू।
द्रंग विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता कौल सिंह ठाकुर ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने साफ कहा कि यदि पार्टी हाईकमान निर्देश देता है तो वे द्रंग से चुनाव जरूर लड़ेंगे।
कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि द्रंग की जनता ने उन्हें पहले 8 बार विधानसभा तक पहुंचाया है। पिछली बार चुनाव हारने को लेकर उन्होंने कहा कि उस समय कुछ परिस्थितियां अनुकूल नहीं थीं, जिसके कारण उन्हें हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने यह भी कहा कि अगर वह चुनाव जीत जाते तो आज हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री होते। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि 2027 के चुनाव को लेकर अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व ही करेगा और वह पार्टी के हर फैसले का सम्मान करेंगे।
द्रंग क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी ने नए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में देंवेंद्र ठाकुर की नियुक्ति के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में कौल सिंह के इस बयान ने एक बार उनकी चुनाव लड़ने की इच्छा को साफ कर दिया है। समारोह के दौरान पार्टी को मजबूत करने और आने वाले चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के लिए रणनीति पर भी चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और कांग्रेस को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।



