धर्मशाला।
हिमाचल प्रदेश के 51 शहरी निकायों में नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदेश भर में अब प्रचार अभियान में तेज हो गया है। ऐसे में अब धर्मशाला में चुनाव प्रचार ने गति पकड़ना शुरू कर दिया है। सहायक रिटरनिंग अधिकारी मोहित रत्तन द्वारा जारी अंतिम सूची प्ररूप-25 के अनुसार, नामांकन वापसी के बाद अब मैदान में कुल 54 प्रत्याशी रह गए हैं।
वीरवार को धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने वार्ड संख्या 10 में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी अमित भारद्वाज के कार्यालय का उद्घाटन किया। इससे पहले अमित भारद्वाज ने अपने परिवार के सदस्यों और समर्थकों की उपस्थिति में श्याम नगर स्थित शिव मंदिर में पूजा अर्चना की। दोपहर करीब एक बजे विधायक सुधीर शर्मा ने अमित भारद्वाज के कार्यालय का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस मौके पर काफी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के समर्थक उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधायक सुधीर शर्मा ने क्या कहा आप भी सुनें।
अब आपको बताते हैं नगर निगम धर्मशाला के किस वार्ड में किस उम्मीदवार के बीच कड़ा मुकाबला है, वार्ड 01 में रेखा देवी और हिमांशी के बीच सीधा मुकाबला है, जबकि वार्ड 02 में त्रिकोणीय मुकाबला है। यहां पर औंकार नेहरिया, अशोक कुमार और शमशेर नेहरिया आमने-सामने हैं। वार्ड 03 में आशा देवी और सुदर्शना देवी के बीच कड़ा मुकाबला है तो वार्ड 04 में नीनू शर्मा, वीना वर्मा और नेहा संगल के बीच कड़ी टक्कर है। वार्ड 10 में अमित भारद्वाज, सुदेश कुमार अतुल भारद्वाज के बीच जोरदार मुकाबला है।
चुनावी मैदान में सभी प्रत्याशियों को उनके आवंटित चुनाव चिह्न जारी हो चुके हैं। अब फैसला मतदाताओं के हाथ में है, जो धर्मशाला के विकास की नई इबारत लिखने के लिए अपने जनप्रतिनिधियों का चयन करेंगे। चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान कराने के लिए प्रशासन ने सभी सुरक्षा इंतज़ाम पुख्ता कर लिए हैं।



