चुनावराजनीतिवीडियोहिमाचल प्रदेश

नगर निगम चुनाव: भाजपा का लक्ष्य भ्रष्टाचार मुक्त और विकसित धर्मशाला: सुधीर शर्मा

दाड़ी में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में 17 वार्डों के प्रत्याशी सहित उमड़े भारी समर्थक

धर्मशाला।

विधायक सुधीर शर्मा ने रविवार को धर्मशाला के दाड़ी ग्राउंड में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में नगर निगम चुनाव को शहर के सर्वांगीण विकास के लिए एक निर्णायक अवसर बताया है। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सुधीर शर्मा ने कहा कि यह चुनाव केवल भारतीय जनता पार्टी के लिए ही नहीं, बल्कि धर्मशाला शहर को सही दिशा में ले जाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने में अपना योगदान देने का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।

स्मार्ट सिटी मिशन पर उठाए सवाल
विधायक सुधीर शर्मा ने पिछले दस वर्षों के कामकाज पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा स्मार्ट सिटी मिशन के तहत दिए गए विजन को धरातल पर नहीं उतारा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ खास गुटों और ठेकेदारों की मिलीभगत के कारण शहर के विकास कार्य बाधित हुए। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस बार जनता के सहयोग से एक मजबूत और पूर्ण बहुमत वाली नगर निगम का गठन किया जाएगा, जो वास्तव में शहर की सूरत बदलेगी।

कांग्रेस की राजनीति और व्यक्तिगत हमलों पर पलटवार
सुधीर शर्मा ने कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि विपक्ष के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं है। उन्होंने कहा, “आज कांग्रेस के नेता केवल व्यक्तिगत छींटाकशी और मुझे गाली देने की राजनीति कर रहे हैं। पिछले दो वर्षों में सरकार ने मेरे घर, जमीन और बैंक खातों के एक-एक दस्तावेज की जांच करवाई, लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला। यदि मैं गलत होता, तो आज सलाखों के पीछे होता। मेरी ईमानदारी ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है।”

जन सेवा ऑन, करप्शन गॉन’ का नारा
सुधीर शर्मा ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे शेष बचे समय का सदुपयोग करें और घर-घर जाकर भाजपा की विकास नीतियों का प्रचार करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि धर्मशाला में ऐसी नगर निगम की आवश्यकता है जो जन-सेवा के भाव से काम करे, न कि भ्रष्टाचार के। उन्होंने आगामी चुनाव के लिए ‘जन सेवा ऑन, करप्शन गॉन’ का नारा देते हुए कार्यकर्ताओं से भारी मतों से भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की।

विधायक सुधीर शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश में जल्द ही भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी और नगर निगम में भाजपा का बहुमत होने से विकास कार्यों को दोगुनी गति मिलेगी। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे देश, प्रदेश और शहर के सुनहरे भविष्य के लिए कमल के निशान पर बटन दबाकर अपना बहुमूल्य समर्थन दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!