क्राइमयूथशिक्षाहिमाचल प्रदेश

NEET : पेपर लीक पर बरसे सांसद अनुराग शर्मा, बोले ‘यह 22 लाख छात्रों के सपनों पर सीधा प्रहार’

राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने की दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

धर्मशाला।

राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने NEET परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए इसे ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ और ‘शिक्षा तंत्र की विफलता’ करार दिया है। अनुराग शर्मा ने कहा कि यह मामला केवल एक परीक्षा में हुई गड़बड़ी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के उन लाखों मेहनती विद्यार्थियों के विश्वास पर कुठाराघात है, जो वर्षों तक कठिन परिश्रम कर अपने भविष्य की नींव रखते हैं।

सांसद शर्मा ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि देशभर के 22 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं दिन-रात एक कर इस परीक्षा की तैयारी करते हैं। उन्होंने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा, ‘यदि परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र बाजारों में बिकने लगें, तो यह हमारी पूरी चयन प्रक्रिया और निष्पक्षता पर एक बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने न केवल विद्यार्थियों, बल्कि उनके अभिभावकों का भी मनोबल तोड़ दिया है।’

अनुराग शर्मा ने केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों से इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच करने की पुरजोर मांग की है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस अपराध में संलिप्त दोषियों के खिलाफ ऐसी मिसाल कायम करने वाली कार्रवाई होनी चाहिए, जिससे भविष्य में कोई भी युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की हिम्मत न कर सके।

हिमाचल प्रदेश के संदर्भ में अपनी बात रखते हुए सांसद ने कहा कि प्रदेश के हजारों युवा भी इस परीक्षा से जुड़े हैं और उनकी मेहनत की रक्षा करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्रों और उनके परिवारों को आश्वस्त करते हुए कहा, ‘मैं इस कठिन घड़ी में हर छात्र के साथ खड़ा हूं। हम युवाओं के सपनों का सौदा नहीं होने देंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि उनके साथ किसी भी कीमत पर अन्याय न हो।’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!