जनता तुष्टिकरण नहीं, विकास और विश्वास कर राजनीति चाहती: काजल
कहा, भाजपा आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में धमाकेदार एंट्री की तरफ बढ़ी
धर्मशाला।
प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला करते हुए कांगड़ा भाजपा विधायक, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष और नगर निगम धर्मशाला के चुनाव प्रभारी रहे पवन काजल ने कहा कि धर्मशाला नगर निगम के नतीजों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को उनकी भाषा में जवाब दिया है। नगर निगम चुनाव में जनता ने मतदान के द्वारा सुक्खू सरकार के साढ़े तीन सालों के कुशासन और जनविरोधी नीतियों को सिरे से नकारते हुए कड़ा प्रहार किया है।
विधायक पवन काजल ने कहा कि नगर निगम चुनावों में भाजपा की जीत आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में धमाकेदार एंट्री की तरफ बढ़ चुकी है। भाजपा ने इस चुनाव में एक नए राजनीतिक युग की आधिकारिक शुरुआत कर दी है। नगर निगम अपनी जीत सुनिश्चित करते हुए भाजपा ने कांग्रेस को चारों खाने चित कर दिया है। गली-मोहल्लों से लेकर चौराहों तक अब जनता का मिजाज साफ है। जनता अब केवल विकास और विश्वास की राजनीति चाहती है, जिसका पर्याय भारतीय जनता पार्टी बन चुकी है।
जनता का मानना है कि स्मार्ट सिटी के अधूरे सपनों को केवल भाजपा का डबल इंजन मॉडल ही पूरा कर सकता है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा विकास कार्यों में कथित रोड़े अटकाने से स्थानीय निवासियों में भारी रोष रहा है। भाजपा की संगठित टीम ने सुक्खू सरकार को बैकफुट पर धकेल दिया है। यह पहली बार हुआ कि नगर निगम चुनाव में भाजपा रिकार्ड मतों से यह चुनाव जीती है।
पवन काजल ने कहा कि इससे इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है कि जनता प्रदेश की सुक्खू सरकार तथा नगर निगम के पांच वर्षों के कार्यकाल से बेहद दुःखी थी। बदलाव इस बात का प्रमाण है कि जनता अब तुष्टिकरण नहीं, बल्कि विकास चाहती है। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष पवन काजल ने कहा कि नगर निगम चुनाव से सुक्खू सरकार को यह कड़ा सबक मिला है कि जीत तभी मुमकिन है जब चुनाव को केवल झूठ में उलझाने के बजाय राज्यों के स्थानीय मुद्दों और जनता की जमीनी जरूरतों पर केंद्रित किया जाए। कांग्रेस मान चुकी है कि नकारात्मक नैरेटिव से मतदाता रीझने वाला नहीं हैं। वर्तमान में आज कांग्रेस की जो बदहाली है, वह किसी से छिपी नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेसी विशेषज्ञों का भी मानना है कि सत्ता तक पहुंचने के लिए महज झूठ का सहारा लेना व सांगठनिक फेरबदल काफी नहीं, बल्कि आधुनिक मॉडल को आधार बनाकर आगे बढ़ना जरुरी था। आगे भी अब कांग्रेस का झूठ के दम पर सत्ता की दहलीज तक पहुंचना नामुमकिन है। पवन काजल ने कहा कि मतदाताओं की ओर से कांग्रेस को यह संदेश चला गया कि 2027 के चुनावों में राज्य में भाजपा शानदार जीत के साथ सरकार बनाएगी।


