मोदी सरकार के 12 स्वर्णिम वर्ष: वैदिक मंत्रोच्चार से गूंजेगा चामुंडा धाम
प्रदेश की खुशहाली के लिए आहुति देंगे सुधीर शर्मा
धर्मशाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के ‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण’ को समर्पित 12 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं। इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा द्वारा श्री चामुंडा नंदिकेश्वर धाम में एक विशेष हवन-यज्ञ एवं भव्य पूजा-अर्चना का आयोजन किया जा रहा है।
जनकल्याण का संकल्प
यह धार्मिक अनुष्ठान आज 10 जून 2026, बुधवार को प्रातः 11:00 बजे श्री चामुंडा धाम के पावन प्रांगण में आयोजित होगा। इस महायज्ञ में जहां प्रधानमंत्री मोदी के यशस्वी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की जाएगी, वहीं हिमाचल प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति के लिए भी विशेष आहुतियां डाली जाएंगी।
विधायक सुधीर शर्मा ने इस आयोजन को लेकर उत्साह व्यक्त करते हुए क्षेत्रवासियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं से सपरिवार सम्मिलित होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों का कार्यकाल ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूलमंत्र का जीवंत प्रमाण है। उनके सुशासन और राष्ट्र-निर्माण के संकल्प से प्रेरित होकर ही हम हिमाचल की प्रगति के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। मां चामुंडा के चरणों में यह आयोजन राष्ट्र की मजबूती और लोक-कल्याण को समर्पित है।
सुधीर शर्मा ने क्षेत्र की जनता को आमंत्रित करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की उपस्थिति इस आयोजन की गरिमा को और बढ़ाएगी। श्री चामुंडा माता के आशीर्वाद से आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम न केवल एक उत्सव है, बल्कि विकसित भारत के संकल्प को दोहराने का एक आध्यात्मिक अवसर भी है।


