वीडियोहिमाचल प्रदेश

मौत का फंदा बनीं झूलती तारें: खानबगा में मंडरा रहा बड़ा खतरा, विधायक से की गुहार

ग्रामीणों और उनके मवेशियों की सुरक्षा दांव पर लगी

चंबा।

चंबा जिले के भरमौर उपमंडल के अंतर्गत आने वाली बड़ग्राम पंचायत का खानबगा गांव इन दिनों खौफ के साये में जीने को मजबूर है। क्षेत्र में बिजली की ढीली और जर्जर तारें किसी बड़े हादसे को खुला निमंत्रण दे रही हैं। सिर के ऊपर झूलती इन तारों के कारण ग्रामीणों और उनके मवेशियों की सुरक्षा दांव पर लगी है। ग्रामीणों का खेतों में कार्य करना जान जोखिम में डालने जैसा है। इस गंभीर समस्या को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने अब पांगी-भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज से संपर्क कर जल्द से जल्द समाधान की गुहार लगाई है।

दुर्गम पहाड़ी भौगोलिक परिस्थितियों वाले इस क्षेत्र में बिजली की लाइनें कई स्थानों पर जमीन के बेहद करीब पहुंच गई हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बरसात और बर्फबारी के दौरान ये तारें टूटकर रास्तों पर गिर जाती हैं, जिससे करंट लगने का खतरा हर वक्त बना रहता है। बिजली बोर्ड की इस कथित लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष है।

विद्युत विभाग भरमौर में कार्यरत सहायक अभियंता से जब बड़ग्राम के अशोक कुमार ने 20 मई 2026 को सम्पर्क किया तो उन्होंने भरोसा दिया था कि उक्त समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा, लेकिन इस समस्या का आज दिन तक कोई समाधान नहीं हुआ। आपको बता दें कि खानबगा गांव पिछले वर्ष हुए एक भीषण अग्निकांड के जख्मों से उबरा भी नहीं कि अब बिजली की इन तारों ने ग्रामीणों की रातों की नींद उड़ा दी है।

ग्रामीणों ने विधायक डॉ. जनक राज से मांग की है कि संबंधित विभाग को सख्त निर्देश जारी किए जाएं ताकि पुरानी और ढीली तारों को बदला जा सके और भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके। पहाड़ी क्षेत्रों में सुरक्षा की दृष्टि से विद्युत अधोसंरचना का सुदृढ़ीकरण अब अनिवार्य हो गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!