राजनीतिराष्ट्रीयहिमाचल प्रदेश

2047 तक विकसित भारत का संकल्प पूरा करेंगे भाजपा कार्यकर्ता: प्रो. सिकंदर

कांगड़ा में प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन बूथ को अभेद्य बनाने और सुक्खू सरकार को घेरने का आह्वान

धर्मशाला।

कांगड़ा में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय शिक्षण अभियान’ के दूसरे दिन कार्यकर्ताओं में अभूतपूर्व ऊर्जा और सांगठनिक संकल्प देखने को मिला। प्रशिक्षण शिविर के द्वितीय दिवस के प्रथम सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता, प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद प्रो. डॉ. सिकंदर कुमार ने पार्टी के आगामी रोडमैप, वर्तमान प्रदेश सरकार की चौतरफा विफलताओं और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की ऐतिहासिक एवं जन-कल्याणकारी उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

प्रो. डॉ. सिकंदर ने सत्र के दौरान कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद करते हुए सांगठनिक मजबूती का मूलमंत्र देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्य विस्तार भौगोलिक के साथ-साथ व्यापक सामाजिक विस्तार करना है। हमें ग्राम केंद्र और बूथ स्तर पर संगठन को इतना सुदृढ़ और अभेद्य बनाना है कि समाज के प्रत्येक वर्ग, हर वंचित, युवा, महिला और किसान तक हमारी सीधी पहुंच हो। प्रत्येक जन-जन को पार्टी की विचारधारा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ना ही हमारा मुख्य ध्येय है। प्रो. सिकंदर ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्र के सम्मुख रखे गए ‘विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत’ के महान संकल्प को वर्ष 2047 तक पूर्ण करने के लिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर अपना निरंतर एवं सामूहिक सहयोग सुनिश्चित करेंगे।

प्रो. सिकंदर कुमार ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार की विकास-विरोधी नीतियों, झूठी गारंटियों और प्रशासनिक विफलताओं के कारण आज हिमाचल प्रदेश की जनता और जमीनी कार्यकर्ता स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। धरातल पर विकास कार्य पूरी तरह ठप हैं, जिससे जनता में भारी हताशा और आक्रोश व्याप्त है। इसके विपरीत, देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की लोक-कल्याणकारी नीतियों और देशहित के निर्णयों को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। मोदी सरकार की योजनाएं आज देश के हर नागरिक का संबल बन रही हैं।

सांसद प्रो. सिकंदर कुमार के ओजस्वी और रणनीतिक संबोधन से प्रेरित होकर प्रशिक्षण शिविर में उपस्थित समस्त कार्यकर्ताओं ने पूरी एकजुटता के साथ यह संकल्प लिया कि वर्तमान प्रदेश सरकार की नाकामियों, झूठे वादों और विकास विरोधी रवैये को उजागर कर प्रत्येक ग्राम केंद्र और बूथ स्तर पर जन-जन तक पहुंचाया जाएगा और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक लेकर जाएंगे।

‘मोदी की गारंटी ही हमारी ढाल’
प्रशिक्षण शिविर में विशेष रूप से उपस्थित कांगड़ा-चंबा के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में देश ने हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। केंद्र सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाएं ही हमारी सबसे बड़ी ताकत हैं और इन्हीं उपलब्धियों को ढाल बनाकर हमें बूथ स्तर तक जाना है। डॉ. भारद्वाज ने आह्वान किया कि प्रत्येक कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर केंद्र की योजनाओं की जानकारी दे और सुक्खू सरकार की जनविरोधी नीतियों को जनता के सामने उजागर करे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बूथ को मजबूत करके ही हम 2027 में हिमाचल में फिर से भाजपा की सरकार बनाएंगे।

शिक्षण सत्र में विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष पवन काजल, प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा, राकेश शर्मा, जिला सह प्रभारी संजीव शर्मा, जिलाध्यक्ष सचिन शर्मा, भाजपा प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु, पूर्व विधायक विशाल नेहरिया, युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री शाश्वत कपूर, ST मोर्चा प्रदेश महामंत्री कमल शर्मा सहित जिला कांगड़ा के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, ग्राम केंद्र प्रमुख, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के जिला संयोजक तथा भारी संख्या में ऊर्जावान कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!