नशे के खिलाफ सबसे बड़ी जंग: PM मोदी 2 अगस्त को करेंगे ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान का शंखनाद
नशा मुक्ति' का संकल्प, 'MY Bharat' के साथ इतिहास रचेगी युवा शक्ति

धर्मशाला।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त 2026 को देश की युवा शक्ति में एक नई ऊर्जा का संचार करेंगे। ‘विकसित भारत@2047’ के सपने को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए, प्रधानमंत्री ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत देश भर के युवाओं को वर्चुअली संबोधित करेंगे। युवा मामले और खेल मंत्रालय की ‘MY Bharat’ पहल के तहत शुरू किया गया यह राष्ट्रव्यापी अभियान युवाओं को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करने और उन्हें एक स्वस्थ व जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।
10,000 स्थानों पर 1 करोड़ युवाओं का महासंगम
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम की व्यापकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इससे देश भर के लगभग 10,000 स्थानों के जुड़ने की उम्मीद है। इस वर्चुअल संवाद के माध्यम से एक करोड़ से अधिक युवा एक साथ आएंगे, जिनमें MY Bharat और NSS के स्वयंसेवक, स्कूलों-कॉलेजों के छात्र, एनजीओ प्रतिनिधि और विभिन्न औद्योगिक संघों के युवा सदस्य शामिल होंगे।
100 हफ़्तों का विस्तृत रोडमैप
यह केवल एक दिवसीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि नशे के खिलाफ एक निरंतर चलने वाला आंदोलन है। प्रधानमंत्री इस दिन ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत करेंगे, जो अगले 100 हफ्तों तक हर रविवार को आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद, फिटनेस सत्र और माइंडफुलनेस जैसी गतिविधियों के जरिए युवाओं को सकारात्मक सामाजिक कार्यों से जोड़े रखा जाएगा।
रचनात्मकता से मिलेगी नशे को मात
युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ‘MY Bharat’ पोर्टल पर जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इनमें शॉर्ट फिल्म/ रील्स, लोक गीत, पेंटिंग, डिबेट और स्लोगन लेखन जैसी श्रेणियां शामिल हैं, ताकि युवा अपनी कला के माध्यम से समाज को नशा मुक्ति का संदेश दे सकें। इसके साथ ही, पोर्टल पर एक ‘ई-प्रतिज्ञा’ अभियान भी जारी है, जिससे जुड़कर नागरिक इस मुहिम का हिस्सा बन सकते हैं।
जागरूकता से सम्मान तक का सफर
अभियान के तहत ग्राम सभाओं में ‘नशा मुक्त संकल्प सभाएं’ आयोजित होंगी और बेहतरीन कार्य करने वाले संस्थानों व गांवों को सम्मानित किया जाएगा। इस व्यापक अभियान का समापन 14 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में प्रस्तावित ‘राष्ट्रीय नशा मुक्ति युवा सम्मेलन’ के साथ होगा, जहां देश भर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले युवाओं को सम्मानित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री का यह आह्वान देश के युवाओं को न केवल नशे के जाल से बचाएगा, बल्कि उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़कर एक समृद्ध और विकसित भारत की नींव रखेगा।



