पर्यटन नगरी बीड को मिलेगी नई पहचान, सीएम ने दिया विकास के लिए बजट का भरोसा
सांसद अनुराग शर्मा ने खींचा विकास का खाका, बड़े शहरों की तर्ज पर विकसित होगी बीड
बैजनाथ।
विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग साइट के रूप में विख्यात ‘बीड’ अब जल्द ही एक आधुनिक और व्यवस्थित शहर के रूप में उभरने वाला है। हाल ही में प्रदेश सरकार द्वारा इसे ‘नगर पंचायत’ का दर्जा दिए जाने के बाद, राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने विकास कार्यों को गति देने के लिए कमर कस ली है।
सांसद अनुराग शर्मा ने विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ नगर पंचायत के सभी वार्डों का विस्तृत दौरा किया और स्थानीय निवासियों को आश्वस्त किया कि बीड को बड़े शहरों की तर्ज पर तमाम अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। उन्होंने पत्रकारों से रूबरू होते हुए कहा कि चूंकि यह क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन का केंद्र है, इसलिए यहां ‘स्वच्छता’ को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए क्षेत्र में जल्द ही ‘हाईटेक कूड़ा संयंत्र’ स्थापित किए जाएंगे।
युवाओं और बुजुर्गों के लिए विशेष योजनाएं
सांसद ने विकास का विजन साझा करते हुए बताया कि शहर के हर वार्ड में सुंदर पार्कों का निर्माण किया जाएगा। युवाओं के शारीरिक विकास और खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए ‘ओपन जिम’ स्थापित होंगे, जबकि बुजुर्गों के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए उनके टहलने के लिए समर्पित ‘वॉकिंग कॉरिडोर’ तैयार किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, शहर के मुख्य चौराहों का सौंदर्यीकरण होगा और ग्रामीण इलाकों को आधुनिक सड़कों के जाल से जोड़ा जाएगा।

एक छत के नीचे मिलेंगी सभी सुविधाएं
प्रशासनिक कार्यप्रणाली को सुगम बनाने के लिए बीड में एक भव्य और अत्याधुनिक नगर पंचायत कार्यालय का निर्माण किया जाएगा। इस कार्यालय के बनने से स्थानीय निवासियों को अपने सभी नगर निकाय संबंधी कार्यों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और ‘सिंगल विंडो’ की तर्ज पर कार्य पूरे होंगे।
मुख्यमंत्री ने दिया बजट का आश्वासन
सांसद अनुराग शर्मा ने बताया कि उन्होंने इस संदर्भ में मुख्यमंत्री से विस्तृत चर्चा की है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया है कि बीड नगर पंचायत के कायाकल्प के लिए बजट की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे विकास नियमों का पालन करें और बीड को एक आदर्श शहर बनाने में अपना सक्रिय सहयोग दें।

दौरे के दौरान लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग और जल शक्ति विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ अंकित सूद, सुरेश ठाकुर, कुलदीप ठाकुर, पारवेन, भुवनेश, अजीत सोनी, सुमान गोस्वामी, देशबंधु शर्मा और सत्य प्रकाश शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



