यूथवीडियोहिमाचल प्रदेश

बाहरा विश्वविद्यालय में ‘दही हांडी’ की धूम: कोर इंजीनियरिंग की टीम ने 56 सेकंड में जीती बाजी

बाहरा यूनिवर्सिटी में मची 'माखन चोर' की धूम, छात्रों ने दिखाया टीम वर्क का दम

वाकनाघाट।

बाहरा विश्वविद्यालय, वाकनाघाट के परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व बड़े ही उत्साह और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित अंतर-विभागीय ‘माखन चोर दही हांडी’ प्रतियोगिता ने पूरे परिसर को उत्सव के रंग में सराबोर कर दिया।

इस रोमांचक प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों कोर इंजीनियरिंग, होटल मैनेजमेंट, मैनेजमेंट, अल्फा स्कूल, स्कूल ऑफ लॉ और फॉरेंसिक साइंसेज की टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों के बीच जबरदस्त तालमेल, शारीरिक क्षमता और अटूट टीम भावना देखने को मिली। कड़े मुकाबले के बीच कोर इंजीनियरिंग की टीम ने अपनी चपलता का परिचय देते हुए मात्र 56 सेकंड में दही हांडी फोड़कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। हांडी फूटते ही पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और ‘जय कन्हैया लाल की’ के नारों से गूंज उठा।

Image: BUW

कार्यक्रम की शोभा बढ़ाते हुए कुलपति प्रो. आर.पी. नैंटा, कुलसचिव विनीत कुमार और उपकुलपति प्रो. डॉ. सुशील सहित विभिन्न विभागों के डीन, विभागाध्यक्ष और शिक्षकगण मौजूद रहे। उत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का स्मरण किया और उनके जीवन दर्शन से जुड़े मूल्यों को साझा किया।

इस विशेष अवसर पर विश्वविद्यालय के चेयरमैन सरदार गुरविंदर सिंह बाहरा और वाइस चेयरमैन गुरिंदर सिंह बाहरा ने समस्त विश्वविद्यालय परिवार को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि दही हांडी जैसे आयोजन न केवल हमारी समृद्ध संस्कृति को जीवंत रखते हैं, बल्कि विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सामूहिक प्रयासों की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं।

यह आयोजन न केवल मनोरंजन का केंद्र रहा, बल्कि इसने छात्रों को भारतीय परंपराओं से जोड़ते हुए आपसी सहयोग और सद्भाव का महत्वपूर्ण संदेश भी दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!