राजनीतिहिमाचल प्रदेश

प्रदेश सरकार के खिलाफ महिलाओं का आक्रोश प्रदर्शन

पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने त्रिलोक कपूर की पीठ थपथपाते हुए कहा, पालमपुर में भाजपा संगठन आज तक के सर्वोत्तम पायदान पर

पालमपुर।

पालमपुर भाजपा महिला मोर्चा ने आज शुक्रवार को भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर के नेतृत्व में प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जोरदार महिला आक्रोश प्रदर्शन किया। लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह से भाजपा जिला कार्यालय तक निकाली गई आक्रोश रैली में सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया और प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए अपना रोष व्यक्त किया।

रैली के उपरांत भाजपा जिला कार्यालय में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता शांता कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। महिला मोर्चा द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। शांता कुमार के पूर्व जन्मदिन अवसर पर मंच पर विराजमान शांता कुमार के द्वारा उनके जन्मदिन को समस्त बहनों की उपस्थिति में एक उत्साह पूर्वक वातावरण में केक काटकर शुभकामनाएं दी ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शांता कुमार ने सफल आयोजन के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई दी और त्रिलोक कपूर की संगठनात्मक भूमिका की सराहना की। शांता कुमार ने कहा कि त्रिलोक कपूर के नेतृत्व में पालमपुर विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी लगातार मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है और आज पालमपुर भाजपा का संगठन प्रदेश में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

शांता कुमार ने अपने राजनीतिक जीवन के पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने वर्ष 1951 में जनसंघ के साथ अपना राजनीतिक सफर शुरू किया था और तब से लेकर आज तक उन्होंने भारतीय जनता पार्टी को निरंतर मजबूत होते देखा है। आज भारतीय जनता पार्टी और देश के लिए एक स्वर्णिम दौर है, जो लाखों कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और संघर्ष का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि आज विश्व स्तर पर भारतीय जनता पार्टी की मजबूत पहचान है और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत निरंतर नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने प्रदेश के हर वर्ग को ठगने का काम किया है और जनता के आत्मसम्मान को भी ठेस पहुंचाई है।

त्रिलोक कपूर ने कहा कि मुझे आज इस बात की प्रसन्नता है की आज यह महिलाओं की इस आपार भीड़ में हर बूथ से मेरी मातृशक्ति का प्रतिनिधित्व यहाँ पर मौजूद है। भाजपा नेता कपूर ने कहा कि शांता कुमार दो बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में महिलाओं के सशक्तिकरण और मान सम्मान के लिए कई कारगर कदम उठाए हैं। वर्ष 1977 में बहनों के सर से पानी का घड़ा उतारने के लिए हर घर नल की योजना बनाकर प्रदेश की महिलाओं को तोहफा दिया था और वर्ष 1992 में भी हैंड पंप लगाकर हर घर में पानी पहुंचाने का काम किया था। यही नहीं सर्वप्रथम हिमाचल प्रदेश पंचायती राज में प्रदेश की मातृ शक्ति को पंचायत चुनाव में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया और रक्षाबंधन, भाई दूज व करवा चौथ के पावन अवसर पर सरकारी सेवाओं में काम कर रही प्रदेश की बहनों को सरकारी अवकाश घोषित करके अपना आशीर्वाद दिया था ।

कपूर ने कहा इसके साथ जब प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल हिमाचल के मुख्यमंत्री बने तो उन्होंने महिलाओं को पंचायती राज में 50% आरक्षण और रक्षाबंधन व भाई दूज के अवसर पर सरकारी बसों में यात्रा करने पर मुफ्त सुविधा देने का कार्य किया था। भाजपा नेता कपूर ने कहा कि पालमपुर में विकास की दृष्टि से एक एक पत्थर पर शांता कुमार का नाम है जैसे की कृषि विश्वविद्यालय, वेटनरी हॉस्पिटल, सीएसआईआर पालमपुर बस अड्डा, पालमपुर बस डिपो, सौरभ वन विहार, गोपालपुर का चिड़ियाघर, पपरोला का नवोदय और आयुर्वेदिक राजकीय महाविद्यालय इस प्रकार के बड़े संस्थानों के पीछे शांता कुमार का ही प्रयास रहा है।

कपूर ने कहा की हिमाचल प्रदेश की भोली-भाली महिलाओं से 1500 रुपए देने का झूठा वादा कर कांग्रेस ने उनके साथ छल किया है। हिमाचल की महिलाएं इस वादाखिलाफी को भूली नहीं हैं और आने वाले समय में इसका जवाब देंगी। त्रिलोक कपूर ने कहा कि शांता कुमार ने पिछले जन्मदिन पर पालमपुर में भाजपा का प्रतिनिधि जीतने की इच्छा व्यक्त की थी। पालमपुर भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इस संकल्प को पूरा करने के लिए पूरी ताकत से जुट चुका है। 2027 में पालमपुर की जनता के आशीर्वाद से भाजपा की जीत शांता कुमार जी के लिए हमारा जन्मदिन का उपहार होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष रागिनी रकवाल, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विनय शर्मा, जिला महामंत्री राजेश राणु, अभिमन्यु भट्ट, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सीमा चौधरी, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष लता ठाकुर, मंगला चौधरी, मंडल अध्यक्ष गोपेश शर्मा, सुरेश पठानिया, महामंत्री रंजना भट्ट, हरीश वालिया, अशोक राणा, गुरमीत सिंह, ब्लॉक समिति अध्यक्ष उषा देवी, उपाध्यक्ष बिंदु देवी, नगर निगम पार्षद मोनिका शर्मा, मीनू देवी, किरण धीमान, ललित शर्मा व अमिता राणा, संतोष भट्ट, कमलेश कपूर, नम्रता धीमान मोनिका शर्मा सहित हजारों महिलाएं एवं भाजपा के अनेकों पदाधिकारी उपस्थित रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!