मिशन 2027: कांगड़ा में भाजपा की हुंकार, 10,100 आशीर्वाद के दीयों से मनेगा PM मोदी का जन्मदिन
क्खू सरकार की 'गारंटियों' पर बरसे पवन काजल और बिक्रम ठाकुर, जन आंदोलन की दी चेतावनी
कांगड़ा।
आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और प्रदेश सरकार की घेराबंदी को लेकर कांगड़ा भाजपा ने अपनी रणनीति स्पष्ट कर दी है। रविवार को आयोजित मंडल बैठक में भाजपा कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर पर अभेद्य बनाने और सरकार की कथित विफलताओं के खिलाफ मोर्चा खोलने का संकल्प लिया। इस बैठक में मुख्य रूप से कांगड़ा के विधायक पवन काजल और जिला भाजपा प्रभारी बिक्रम सिंह ठाकुर ने शिरकत की।
10,100 दीयों से जगमगाएगा कांगड़ा
विधायक पवन काजल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस (17 सितंबर) को ऐतिहासिक बनाने के लिए कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के सभी 101 बूथों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के बेदाग सार्वजनिक सेवा काल के सम्मान में प्रत्येक बूथ पर 100 दीये जलाए जाएंगे। इस प्रकार पूरे क्षेत्र में कुल 10,100 दीये जलाकर उनके दीर्घायु होने की कामना की जाएगी।
चुनावी गारंटियों पर तीखा प्रहार
विधायक काजल ने प्रदेश सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव से पहले महिलाओं को 1500 रुपए देने, पांच लाख नौकरियों और स्टार्टअप जैसी जो ‘गारंटियां’ दी गई थीं, वे आज तक धरातल पर नहीं उतरी हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांगड़ा की जनता अब विकास और सरकार में उचित भागीदारी चाहती है। काजल ने दावा किया कि 2027 के चुनाव के लिए कांगड़ा तैयार है और इस बार क्षेत्र को सरकार में बड़ा पोर्टफोलियो मिलने की प्रबल उम्मीद है।
जनहित की योजनाओं को बंद करने का विरोध
जिला प्रभारी बिक्रम सिंह ठाकुर ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा की पिछली सरकार द्वारा शुरू की गई ‘हिमकेयर’ और ‘सहारा’ जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद करना दुर्भाग्यपूर्ण है, जिससे गरीब जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से शुरू होने वाला जन-संपर्क अभियान एक महीने तक चलेगा, जिसमें न केवल पीएम मोदी का आभार जताया जाएगा, बल्कि केंद्र की योजनाओं से निर्मित बड़े प्रोजेक्ट्स और पुलों पर भी दीये जलाकर उनकी उपयोगिता को रेखांकित किया जाएगा।
जन आंदोलन की चेतावनी
बिक्रम ठाकुर ने बिजली बिलों में भारी बढ़ोतरी और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की फीस में कई गुना वृद्धि को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यदि उद्योग और होटल जगत की ओर से उन्हें प्रतिनिधित्व मिलता है, तो भाजपा इस मुद्दे को मुख्यमंत्री के समक्ष मजबूती से उठाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि स्वास्थ्य, सड़क, बेरोजगारी और किसानों की अनदेखी के खिलाफ भाजपा सदन से लेकर सड़क तक ‘जन आंदोलन’ खड़ा करेगी। इस बैठक ने स्पष्ट कर दिया है कि भाजपा आने वाले समय में आक्रामक रुख अपनाते हुए प्रदेश सरकार को घेरने की पूरी तैयारी में है।



