रक्षाबंधन पर पीएमओ से आया जवाब, भावुक हुईं मेघना पुरी
PM मोदी ने पत्र में सराहा नारी शक्ति का सामर्थ्य
धर्मशाला।
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर धर्मशाला की मेघना पुरी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजी गई राखी और शुभकामनाओं का जवाब प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से बेहद आत्मीय अंदाज में दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेघना पुरी को प्रेषित अपने पत्र में राखी के लिए हृदयतल से आभार व्यक्त करते हुए इस पावन पर्व को जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार करने वाला बताया है। इस विशेष पत्र में प्रधानमंत्री ने देश के सर्वांगीण विकास में ‘नारी शक्ति’ की अग्रणी भूमिका को विशेष रूप से रेखांकित किया है।
शिल्ला चौक (होडल), धर्मशाला निवासी और वरिष्ठ अधिवक्ता विश्व चक्षु की धर्मपत्नी मेघना पुरी को लिखे पत्र में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत की विकास यात्रा में महिलाओं का योगदान अतुलनीय है। आज देश की बेटियां शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, खेल, उद्यमिता और नवाचार जैसे प्रत्येक क्षेत्र में अपनी मेधा और परिश्रम से सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।
प्रधानमंत्री ने ‘विकसित भारत’ के संकल्प को दोहराते हुए पत्र में लिखा कि उत्पादन, कृषि, तकनीक, नवाचार, पीएम गतिशक्ति, रक्षा, हरित-नीली अर्थव्यवस्था और सांस्कृतिक चेतना को विकास की नई ऊर्जा से जोड़ा जा रहा है। इस महा-अभियान में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी देश को और अधिक सक्षम व आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निर्णायक सिद्ध होगी। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि आज भारत ‘नारी नेतृत्व में विकास’ की सोच के साथ द्रुत गति से आगे बढ़ रहा है और महिलाओं का आत्मविश्वास राष्ट्र के भविष्य को नई दिशा दे रहा है।
प्रधानमंत्री ने मेघना पुरी को आश्वस्त किया कि उनका यह प्रयास और योगदान बदलते भारत की यात्रा को बल प्रदान करेगा। साथ ही, उन्होंने मेघना के उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी असीम मंगलकामनाएं भी प्रेषित कीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पत्र पाकर अभिभूत मेघना पुरी ने अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा कि रक्षाबंधन के पवित्र धागे का मान रखते हुए जब देश के प्रधानसेवक स्वयं अपनी शुभकामनाएं और शुभाशीष भेजते हैं, तो यह जीवन का सबसे अविस्मरणीय और गौरवमयी पल बन जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह स्नेहिल पत्र उनके और उनके पूरे परिवार के लिए एक अनमोल वरदान की तरह है।



