कांग्रेस नेताओं की सोच विषैली है : विश्व चक्षु
कहा, आरएसएस पर हमला कांग्रेस की घबराई हुई मानसिकता का सबूत

धर्मशाला
आरएसएस को लेकर हिमाचल के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा की गई कथित टिप्पणी पर प्रदेश भाजपा के प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी एडवोकेट विश्व चक्षु ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए अब देश की सबसे सम्मानित संस्थाओं पर कीचड़ उछालने लगी है।
विश्व चक्षु ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) दुनिया का सबसे बड़ा, अनुशासित और राष्ट्र निर्माण में समर्पित संगठन है, जिसने पिछले सौ वर्षों में सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, आपदा राहत और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में अद्वितीय कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता हर बार वही गलती दोहराते हैं, ज्ञान कम और बयानबाज़ी ज़्यादा। जगत सिंह नेगी भी उसी राजनीतिक सोच के प्रतिनिधि हैं, जिनकी पूरी राजनीति आरएसएस और भाजपा विरोध पर टिकी है।
चक्षु ने कहा कि दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता नरेंद्र मोदी संघ की ही देन है। इसलिए कांग्रेस इससे जलन में है। आरएसएस ने देश को ऐसे अनेक राष्ट्रनायक दिए हैं, जिनमें दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हैं। कांग्रेस को आरएसएस इसलिए चुभता है क्योंकि संघ बिना किसी स्वार्थ के राष्ट्र सेवा करता है। जबकि कांग्रेस ने दशकों तक देश को केवल परिवारवाद और भ्रष्टाचार दिया है।
चक्षु ने मंत्री नेगी पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि जगत सिंह नेगी पहले अपनी सरकार की विफलताओं पर बोलें, फिर आरएसएस की बात करें। जिस संगठन ने एक सदी से राष्ट्र को मजबूत किया है, उस पर अमर्यादित टिप्पणी करना कांग्रेस की हताशा और मानसिक दिवालियापन है। हिमाचल की जनता संघ और भाजपा के योगदान को भलीभांति जानती है, इसलिए कांग्रेस नेताओं की ऐसी बयानबाज़ी केवल राजनीतिक आत्मघाती कदम साबित होगी। उन्होंने कहा कि आरएसएस के ख़िलाफ़ गलत भाषा बर्दाश्त नहीं, कांग्रेस नेताओं की सोच विषैली है।



