भीषण हादसा, बस-बोलेरो की सीधी भिड़ंत में 4 घायल
दिल्ली के तीन पर्यटक समेत चालक घायल
धर्मशाला।
धर्मशाला में शुक्रवार को धर्मशाला-पालमपुर मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे ने पर्यटकों के खुशनुमा सफर को खौफनाक मंजर में बदल दिया। बिजली विभाग कार्यालय के समीप एक निजी बस और बोलेरो जीप में हुई भिड़ंत में दिल्ली के तीन पर्यटकों सहित चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार दिल्ली के सात पर्यटकों का एक समूह पिछले चार-पांच दिनों से पालमपुर में ठहरा हुआ है। शुक्रवार को वे एक निजी बोलेरो किराए पर लेकर मैक्लोडगंज घूमने के लिए निकले थे। इस दौरान जब ये धर्मशाला पहुंचे तो बिजली विभाग कार्यालय के पास अचानक सामने से आ रही बस और बोलेरो के बीच आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इस दौरान मौके पर उपस्थित स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल वाहन से बाहर निकाला और उपचार के लिए सिविल अस्पताल धर्मशाला पहुंचाया।
घायल पर्यटकों के परिवार के सदस्य लोकेश शर्मा ने बताया कि हम परिवार सहित मैक्लोडगंज जा रहे थे। मैं पिछली सीट पर आंखें बंद करके बैठा हुआ था, तभी अचानक एक तेज झटका लगा। जब आंख खुली तो देखा कि हमारी गाड़ी बस से टकरा चुकी थी।
पुलिस की प्राथमिक जांच में हादसे का कारण बोलेरो चालक की लापरवाही को माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि बोलेरो ‘रॉन्ग साइड’ से आ रही थी, जिसके कारण वह सामने से आ रही बस से जा टकराई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहनों को कब्जे में ले लिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी। खबर लिखे जाने तक घायलों का उपचार जारी रहा और पुलिस हादसे के सही कारणों का पता लगाने में जुट गई।


