केसीसी बैंक का ग्राहकों को त्योहारी तोहफा
चुनिंदा ऋण योजनाओं पर प्रोसेसिंग फीस में 100% छूट, सिबिल जांच शुल्क भी माफ
धर्मशाला।
कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड (केसीसी बैंक) ने त्योहारी सीजन के अवसर पर अपने ग्राहकों को बड़ी राहत देते हुए विभिन्न ऋण योजनाओं पर आकर्षक ब्याज दरों के साथ प्रोसेसिंग फीस में 100 प्रतिशत तक छूट देने की घोषणा की है। विशेष अभियान के तहत पात्र ऋण आवेदकों से सिबिल जांच शुल्क भी नहीं लिया जाएगा। बैंक की इस पहल का उद्देश्य आम जनता, किसानों, कारोबारियों और अन्य ऋण ग्राहकों को किफायती दरों पर वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।
कम ब्याज दरों पर ऋण, ग्राहकों को सीधा लाभ
बैंक के प्रबंध निदेशक श्री जफर इकबाल ने बताया कि बैंक द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत मात्र 5.50 प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध करवाया जा रहा है। वहीं, वाहन ऋण के लिए 7.60 प्रतिशत की आकर्षक ब्याज दर निर्धारित की गई है। इसके अतिरिक्त गृह ऋण, व्यावसायिक वाहन ऋण तथा दोपहिया वाहन ऋण भी प्रतिस्पर्धी ब्याज दरों पर उपलब्ध हैं। इन योजनाओं के माध्यम से बैंक ग्राहकों की विभिन्न वित्तीय आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ उनकी आर्थिक प्रगति में सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
बीमा सुरक्षा और बचत खाताधारकों को भी राहत
ग्राहकों के वित्तीय हितों को ध्यान में रखते हुए बैंक अपने स्वर्णिम ई-सेलरी खाते के अंतर्गत 30 लाख रुपये तक का सामूहिक व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर तथा कैश क्रेडिट/ओवरड्राफ्ट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करवा रहा है। इसके साथ ही बचत खातों में न्यूनतम शेष राशि बनाए न रखने पर लगने वाले शुल्क को समाप्त करने का निर्णय लिया गया है, जिससे खाताधारकों को अतिरिक्त आर्थिक राहत मिलेगी।

31 दिसंबर 2026 तक उठाएं विशेष ऑफर का लाभ
प्रबंध निदेशक जफर इकबाल ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे इस विशेष त्योहारी ऑफर का लाभ उठाने के लिए 31 दिसंबर 2026 तक बैंक की नजदीकी शाखा से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि बैंक का प्रयास केवल बैंकिंग सेवाएं प्रदान करना ही नहीं, बल्कि ग्राहकों को सरल, सुलभ और किफायती वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध करवाना भी है। बैंक प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि सभी ऋण योजनाओं एवं विशेष छूट का लाभ बैंक के निर्धारित नियमों, पात्रता मानदंडों और लागू शर्तों के अनुसार प्रदान किया जाएगा।



