पर्यटनहिमाचल प्रदेश

शाहपुर क्षेत्र में पर्यटन विकास की संभावनाएं, आर्थिकी होगी सुदृढ़ : पठानिया

क्षेत्र में पर्यटन विकास को लेकर मुख्यमंत्री से कांगड़ा एयरपोर्ट पर की विस्तृत चर्चा

धर्मशाला।

कांगड़ा जिला में पर्यटन विकास को लेकर राज्य सरकार गंभीरता से कार्य कर रही है और इस दिशा में अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं को साकार रूप दिया जा रहा है। इन प्रयासों से न केवल क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए आय और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। यह जानकारी उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक केवल सिंह पठानिया ने दी।

आज मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह महोदय के साथ दिल्ली से लौटते समय तथा कांगड़ा एयरपोर्ट पर पर्यटन विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री महोदय को शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में मौजूद पर्यटन की व्यापक संभावनाओं से अवगत करवाया।

उन्होंने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के धारकण्डी क्षेत्र में बोह वैली, तल माता मंदिर, नड्डी, गुणामाता मंदिर तथा खबरू वाॅटर फाॅल जैसे अनेक प्राकृतिक व धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण दर्शनीय स्थल स्थित हैं। यहां की सुंदर, शांत और मनोरम वादियां पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बन सकती हैं। इन स्थलों के सुनियोजित विकास से क्षेत्र को पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान मिल सकती है।

उप मुख्य सचेतक ने कहा कि इन संभावित पर्यटन स्थलों के समुचित विकास से जहां पर्यटकों को प्रकृति के समीप समय बिताने का अवसर मिलेगा, वहीं स्थानीय लोगों की आर्थिकी भी सुदृढ़ होगी और क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि इन सभी स्थलों के संबंध में मुख्यमंत्री महोदय को कांगड़ा एयरपोर्ट पर विस्तार से जानकारी दी गई है।

केवल सिंह पठानिया ने आगे कहा कि राज्य सरकार द्वारा कांगड़ा जिला में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार के लिए राज्य सरकार द्वारा 460 करोड़ रुपये की राशि जारी की जा चुकी है और इस दिशा में कार्य प्रगति पर है। हवाई अड्डे के विस्तारीकरण से न केवल पर्यटकों की आवाजाही में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, बल्कि इसके आसपास के क्षेत्रों में भूमि मूल्यों में भी इजाफा होगा, जिससे स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि जिला कांगड़ा में पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। यहां धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ साहसिक पर्यटन, प्रकृति पर्यटन एवं ग्रामीण पर्यटन को भी विकसित किया जा सकता है। इससे विशेषकर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी।

उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और राज्य सरकार के प्रयासों से कांगड़ा जिला को पर्यटन के क्षेत्र में एक नई ऊंचाई प्राप्त होगी और शाहपुर विधानसभा क्षेत्र पर्यटन विकास की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप मेें विकसित हो सकता है।इस अवसर पर कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार, उपायुक्त हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक अशोक रत्न भी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!