सामाजिक सुरक्षा और किसान सशक्तिकरण पर बैंकर्स का मंथन, पालमपुर में ‘खेती बचाओ अभियान’ का आह्वान
धर्मशाला।
जिला अग्रणी कार्यालय कांगड़ा द्वारा पालमपुर के रोटरी हॉल में एक भव्य जिला स्तरीय वित्तीय समावेशन शिविर और बैंकिंग संगोष्ठी का आयोजन किया गया। भारतीय रिजर्व बैंक के क्षेत्रीय निदेशक अनुपम किशोर के कुशल मार्गदर्शन और डीएफएस के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में बैंकिंग क्षेत्र के दिग्गजों ने शिरकत की।
संगोष्ठी में मुख्य रूप से आरबीआई के क्षेत्रीय निदेशक अनुपम किशोर, उप-महाप्रबंधक परविंदर, पंजाब नेशनल बैंक के सहायक महाप्रबंधक दिग्विजय सिंह, यूको बैंक के राकेश प्रसाद और कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के राकेश ने अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में ‘संजीवनी शगुन योजना’ के सूत्रधार डॉ. अशोक पठानिया सहित बड़ी संख्या में बैंक कॉरस्पोंडेंट और सम्मानित ग्राहक उपस्थित रहे।

डिजिटल सुरक्षा और सामाजिक योजनाओं पर जोर
विशेषज्ञों ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा योजनाओं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही, डिजिटल बैंकिंग के दौर में बढ़ते साइबर खतरों को देखते हुए साइबर सुरक्षा, डिजिटल फ्रॉड से बचाव और री-केवाईसी की अनिवार्य प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

किसानों और डेयरी मालिकों के हित में बड़े निर्देश
संगोष्ठी के दौरान ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने पर विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि ढगवार मिल्क प्लांट की उत्पादन क्षमता बनाए रखने के लिए दूध की आपूर्ति और डेयरी मालिकों के हितों का विशेष ध्यान रखा जाए।
खेती बचाओ अभियान’ से जुड़ेंगे किसान
एलडीएम ने किसानों को आधुनिक तकनीक और संस्थागत बैंकिंग से जोड़ने के लिए ‘खेती बचाओ अभियान’ चलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विशेष शिविरों और जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को बैंकिंग सेवाओं और सरकारी योजनाओं के दायरे में लाया जा रहा है, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक वित्तीय लाभ पहुंच सके।


