PNB ने ग्रामीणों को उन बैंक खातों और जमा राशियों के प्रति ऐसे किया जागरूक
धर्मशाला
भारतीय रिज़र्व बैंक की पहल ‘आपकी पूंजी आपका अधिकार’ के तहत शुक्रवार को कांगड़ा ज़िले की ज़मानाबाद पंचायत में अवशेष जमा राशि संबंधी एक व्यापक जागरुकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को उन बैंक खातों और जमा राशियों के प्रति जागरूक करना था जो 10 वर्ष या उससे अधिक समय से निष्क्रिय पड़े हुए हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता पृथ्वी रणवीर लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (कांगड़ा) ने की।
इस अवसर पर प्रधान कार्यालय पंजाब नेशनल बैंक से डीजीएम अमित कुमार श्रीवास्तव और मंडल प्रमुख डीजीएम संजय धर ने विशेष रूप से भाग लिया और ग्रामीणों को अवशेष जमा राशि, निष्क्रिय खातों के पुनः सक्रियकरण तथा आवश्यक प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। बीडीओ कांगड़ा, पारुल कटियार ने अपने विचारों से जनचेतना कार्यक्रम से अवगत करया |
इस कार्यक्रम के आयोजन में प्रधान ग्राम पंचायत ज़मानाबाद कुलदीप ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। प्रधान कुलदीप की सक्रिय भूमिका से शिविर को सुचारू रूप से संपन्न कराया जा सका और अधिक से अधिक ग्रामीणों तक अभियान की जानकारी पहुंच पाई।
शिविर में विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों एवं अधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता की और लोगों को वित्तीय साक्षरता एवं ऋण जागरूकता ,नॉमिनेशन/उत्तराधिकार प्रक्रिया, केवाईसी अद्यतन सहित अन्य बैंकिंग प्रक्रियाओं की जानकारी दी। स्थानीय निवासियों ने शिविर में उत्साहपूर्वक भाग लिया और इसे जनहित में उपयोगी पहल बताया।



