यूथराष्ट्रीयस्पोर्ट्स

शिमला की बेटी का कमाल: एशियाई वॉलीबॉल चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में काकुल की ‘स्मैश’ एंट्री

साई धर्मशाला की वॉलीबॉल स्टार काकुल बिखेरेंगी थाईलैंड में जलवा, अंडर-18 भारतीय टीम में चयन

धर्मशाला।

भारतीय खेल प्राधिकरण के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र धर्मशाला के नाम एक और स्वर्णिम उपलब्धि जुड़ गई है। केंद्र की होनहार और प्रतिभाशाली वॉलीबॉल खिलाड़ी, सुश्री काकुल का चयन आगामी ‘अंडर-18 एशियाई वॉलीबॉल चैंपियनशिप’ के लिए भारतीय बालिका टीम में हुआ है। यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 01 जुलाई से 07 जुलाई 2026 तक थाईलैंड में आयोजित की जाएगी।

साई धर्मशाला के असिस्टेंट डायरेक्टर जेपी शानी के अनुसार शिमला जिले के एक साधारण ग्रामीण परिवेश से ताल्लुक रखने वाली काकुल की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत और अटूट संकल्प की कहानी है। उन्होंने 18 जून 2024 को साई एनसीओई, धर्मशाला में प्रवेश लिया था। पिछले दो वर्षों के दौरान, केंद्र के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों के कठोर और वैज्ञानिक मार्गदर्शन में काकुल ने न केवल खेल की बारीकियों को सीखा, बल्कि खुद को अंतरराष्ट्रीय स्तर की चुनौतियों के लिए भी तैयार किया।

काकुल की इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए साई धर्मशाला के विशेषज्ञों ने कहा कि काकुल का चयन उनकी व्यक्तिगत लगन के साथ-साथ केंद्र द्वारा प्रदान की जा रही विश्वस्तरीय सुविधाओं और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण का प्रमाण है। निरंतर अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण ने ही उन्हें आज इस मुकाम पर पहुंचाया है जहां वे तिरंगे का मान बढ़ाने को तैयार है।

काकुल की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर साई एनसीओई, धर्मशाला के समस्त अधिकारियों, प्रशिक्षकों और साथी खिलाड़ियों ने उन्हें बधाई दी है। खेल जगत का मानना है कि काकुल की यह जीत उन हजारों ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं।

साई धर्मशाला ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया है कि यदि सही मार्गदर्शन और अत्याधुनिक प्रशिक्षण मिले, तो ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं भी अंतरराष्ट्रीय क्षितिज पर देश का नाम रोशन कर सकती हैं। पूरा केंद्र और प्रदेश अब थाईलैंड में काकुल के शानदार प्रदर्शन की प्रतीक्षा कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!