रूस में गूंजेगी भारतीय युवा शक्ति की धमक: हिमाचल के ललित डोगरा करेंगे देश का प्रतिनिधित्व
एनएसएस वॉलंटियर से इंटरनेशनल डेलीगेट तक
धर्मशाला।
हिमाचल प्रदेश के उभरते युवा नेतृत्वकर्ता और सामाजिक कार्यकर्ता ललित कुमार डोगरा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के उपलक्ष्य में, ललित रूस के ट्यूमेन क्षेत्र में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय युवा कार्यक्रम में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। वह ‘न्यू जेनरेशन’ कार्यक्रम के अंतर्गत ‘डिस्कवर योर रशिया’ पहल में अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि के रूप में शामिल होंगे।
ललित डोगरा को यह विशेष आमंत्रण ब्रिक्स यूथ अलायंस और रूस की संघीय एजेंसी ‘रॉसोट्रूडनिचेस्टवो’ के माध्यम से मिला है। यह कार्यक्रम 12 से 18 अगस्त 2026 तक रूस के ट्यूमेन क्षेत्र में आयोजित किया जाएगा, जहां दुनिया भर के चुनिंदा युवा नेता अंतरराष्ट्रीय सहयोग, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सामुदायिक विकास पर मंथन करेंगे।
ललित के नेतृत्व की यात्रा राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक के रूप में शुरू हुई थी। सामुदायिक विकास, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों में उनके असाधारण योगदान के लिए उन्हें ‘राष्ट्रीय पुरस्कार 2019-20’ से सम्मानित किया जा चुका है। रूस की यह यात्रा उनके करियर का दूसरा बड़ा अंतरराष्ट्रीय पड़ाव है। इससे पहले वे बैंकॉक (थाईलैंड) स्थित संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन केंद्र में मानवाधिकार और जिम्मेदार व्यवसाय से जुड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी भारत की आवाज बुलंद कर चुके हैं।
वर्तमान में, ललित डोगरा नई दिल्ली स्थित ‘राष्ट्रीय नगर कार्य संस्थान’ की शहरी युवा इकाई में युवा समन्वयक के पद पर कार्यरत हैं। आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के अधीन इस संस्थान में वे शहरी युवाओं के कल्याण, क्षमता निर्माण और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण परियोजनाओं का संचालन कर रहे हैं।
हिमाचल के लिए गर्व का क्षण
रूस में होने वाले इस कार्यक्रम में ललित डोगरा भारत की युवा शक्ति, स्वयंसेवा की संस्कृति और शहरी विकास के अनुभवों को साझा करेंगे। अपनी इस उपलब्धि पर ललित का कहना है कि यह केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि उन हजारों स्वयंसेवकों का सम्मान है जो जमीनी स्तर पर सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश के एक छोटे से कस्बे से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचने का लालित का यह सफर प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा का एक नया पैमाना स्थापित करता है।



