‘MY Bharat’ के साथ विकसित भारत की ओर युवाओं के कदम: कांगड़ा में छह दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का भव्य आगाज़
धर्मशाला।
हिमाचल प्रदेश के युवाओं को नेतृत्व, सेवा और राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से ‘मेरा युवा भारत’ की ओर से आयोजित छह दिवसीय आवासीय इंडक्शन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज कांगड़ा में विधिवत शुभारंभ हुआ। इस विशेष शिविर के माध्यम से स्वयंसेवकों को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए तैयार किया जा रहा है।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पुलिस अधीक्षक कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने युवा स्वयंसेवकों में जोश भरते हुए उनके साथ सीधा संवाद किया। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि युवा शक्ति ही देश की असली पूंजी है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे अपनी असीम ऊर्जा, प्रतिभा और समय का निवेश रचनात्मक कार्यों में करें, ताकि एक सशक्त और समृद्ध राष्ट्र का सपना साकार हो सके।
एसपी कांगड़ा वर्मा ने बढ़ते नशे के संकट पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए युवाओं को इससे दूर रहने की कड़ी नसीहत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल नशामुक्त युवा ही एक स्वस्थ और समर्थ भारत का निर्माण कर सकते हैं। इस अवसर पर ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ विषय पर एक विशेष जागरूकता सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं को नशे के विरुद्ध न केवल स्वयं लड़ने, बल्कि समाज को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
एसपी वर्मा ने आधुनिकता के इस दौर में अपनी संस्कृति, ग्रामीण परिवेश और कृषि के गौरव को बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी जड़ों से जुड़कर ही प्रगति की राह चुननी चाहिए।
दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम् के ओजस्वी गायन के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में RHFWTC-CHHEB की प्रधानाचार्य डॉ. दीपाली शर्मा और MY Bharat हिमाचल प्रदेश के स्टेट डायरेक्टर इंचार्ज श्री ध्रुव डोगरा सहित कई गणमान्य अधिकारी उपस्थित रहे।
शिविर में निम्न विषयों पर प्रशिक्षित किया जाएगा
नेतृत्व और स्वयंसेवा: राष्ट्र निर्माण में भूमिका।
डिजिटल कौशल और संचार: आधुनिक युग की आवश्यकता।
आपदा प्रबंधन और सामुदायिक समन्वय: संकट के समय त्वरित सहायता।
सामाजिक परिवर्तन: युवा क्लबों का निर्माण और उनका संचालन।
प्रशिक्षण के पहले दिन नेशनल यूथ कोर योजना और युवाओं की सामाजिक भूमिका पर गहन सत्र आयोजित किए गए। यह छह दिवसीय शिविर युवाओं को न केवल कौशल प्रदान करेगा, बल्कि उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में समाज की सेवा के लिए भी प्रेरित करेगा।



