राजनीतिवीडियोहिमाचल प्रदेश

जग्गी के बयान पर भाजपा का तीखा पलटवार

भाजपा नेता शुभम सूद का पलटवार- सुधीर शर्मा धर्मशाला की बुलंद आवाज, जग्गी पहले अपनी संपत्ति का दें हिसाब

धर्मशाला।

धर्मशाला में कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। पूर्व मेयर एवं कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी ने धर्मशाला विधायक सुधीर शर्मा पर तीखा हमला बोलते हुए शिमला में बने सरकारी कार्यालय के खर्च और विधायक के आवास को लेकर चल रही चर्चाओं पर सवाल उठाए। जग्गी के इस बयान के बाद भाजपा ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर तीखा पलटवार किया। भाजपा नेता शुभम सूद ने जग्गी पर अनाप-शनाप बयानबाजी करने का आरोप लगाते हुए सुधीर शर्मा के समर्थन में मोर्चा संभाला।

ग्रामीण भाजपा मंडल धर्मशाला के महामंत्री शुभम सूद ने संयुक्त प्रेस वार्ता में देवेंद्र जग्गी के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा पदाधिकारी सुधीर शर्मा के समर्थन में एकजुट हैं और धर्मशाला की जनता की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा।

शुभम सूद ने आरोप लगाया कि चुनावों में कांग्रेस को लगातार हार का सामना करना पड़ा है और इसी बौखलाहट में कांग्रेस नेता सुधीर शर्मा के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में विकास के मुद्दों को लेकर सरकार से जवाब मांगा जाएगा।

सूद ने केंद्रीय विश्वविद्यालय के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि इसके लिए लंबे समय से मांग उठ रही है, लेकिन अभी तक धर्मशाला की जनता के हाथ खाली हैं। उन्होंने सरकार से विश्वविद्यालय के लिए लंबित करीब 30 करोड़ रुपये की राशि जल्द जारी करने की मांग की। उन्होंने टांडा मेडिकल कॉलेज में दवाइयों की उपलब्धता को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए और कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति पर सरकार को ध्यान देना चाहिए।

जग्गी अपनी संपत्ति से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक करें
सुधीर शर्मा के मकान को लेकर उठ रहे सवालों पर शुभम सूद ने कहा कि विधायक का कहना है कि मकान सरकारी पैसे से नहीं, बल्कि अपनी आय से बनाया गया है और इससे संबंधित दस्तावेज विजिलेंस को दिए जा चुके हैं। सूद ने देवेंद्र जग्गी की संपत्ति को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि देवेंद्र जग्गी को अपनी संपत्ति से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक करने चाहिए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के पास जग्गी और उनके करीबियों से जुड़े मामलों की जानकारी मौजूद है और जल्द इसे सार्वजनिक किया जाएगा।

इस तरह धर्मशाला में सुधीर शर्मा के मकान, शिमला कार्यालय के खर्च, केंद्रीय विश्वविद्यालय और विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस-भाजपा के बीच सियासी बयानबाजी और तेज हो गई है।

आपको बताते चलें कि धर्मशाला के पूर्व मेयर एवं कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी ने बुधवार को विधायक सुधीर शर्मा पर निशाना साधते हुए कहा था कि लगातार चल रही जांचों के कारण वह परेशान हैं और इसी वजह से उनके बयान सामने आ रहे हैं। जग्गी ने शिमला में बने सरकारी कार्यालय को लेकर कहा कि यह कार्यालय सरकारी कामकाज और आम लोगों की सुविधा के लिए बनाया गया है। इस पर अभी तक करीब 20 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं।

जग्गी ने कहा कि विधायक के मन में अपने मकान से जुड़े करीब 50 करोड़ रुपए के आंकड़े की बात बैठ गई है और इसी वजह से वह शिमला में बने कार्यालय की लागत को भी 50 करोड़ रुपए बता रहे हैं। उन्होंने विधायक से अपनी जानकारी दुरुस्त रखने की बात कही। जग्गी ने भाजपा नेताओं पर भी निशाना साधते हुए कहा कि हिमाचल के विकास से जुड़े बड़े मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय कार्यालय के निर्माण को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। उन्होंने किशाऊ बांध परियोजना से हिमाचल को होने वाले संभावित राजस्व, वाइल्डफ्लावर होटल से मिलने वाले राजस्व और प्रदेश में चल रही विभिन्न योजनाओं का जिक्र किया।

उन्होंने यह भी कहा कि धर्मशाला के विधायक को दूसरे विधानसभा क्षेत्रों में जाकर माफी मांगने के बजाय धर्मशाला की जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से माफी मांगनी चाहिए। जग्गी ने कहा कि 2012 में धर्मशाला कांग्रेस ने उन्हें स्थापित किया था, लेकिन बाद में उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!