‘महाघेराव’ को लेकर भाजपा नेताओं ने कसी कमर, ज़ोरावर में लिया तैयारियों का जायज़ा
धर्मशाला के तपोवन में 26 नवंबर से हिमाचल विधानसभा का शीतकालीन सत्र

तपोवन/ धर्मशाला
धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र के समीप स्थित ज़ोरावर स्टेडियम में 4 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश सरकार के खिलाफ भाजपा की ओर से आयोजित किए जाने वाले प्रदेश स्तरीय विशाल प्रदर्शन की तैयारियां ज़ोरों पर चली हुई हैं। इस संबंध में भाजपा नेताओं ने मंगलवार को स्टेडियम में व्यवस्थाओं और तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि 4 दिसंबर को धर्मशाला में होने वाला यह महा-आंदोलन कांग्रेस सरकार की विफलताओं के खिलाफ जनता की आवाज़ बनेगा।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष, पूर्व मंत्री व विधायक विपिन सिंह परमार ने अधिकारियों और पार्टी पदाधिकारियों से प्रदर्शन के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली। परमार ने कहा कि जनता में कांग्रेस सरकार के प्रति बढ़ते असंतोष को देखते हुए यह प्रदर्शन ऐतिहासिक होने वाला है।
निरीक्षण के दौरान प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर, प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता राकेश शर्मा, ज़िला कांगड़ा महामंत्री देवेंद्र कोहली भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा, जनसभा स्थल, पार्किंग, मार्ग-व्यवस्थाओं और अन्य तैयारियों को लेकर संबंधित टीमों को दिशा-निर्देश दिए।

वहीं भाजपा मंडल धर्मशाला ने 4 दिसंबर को विधानसभा घेराव के निमित्त बूथ स्तर पर जाने की योजना बनाई है l इस संबंध में मंगलवार को धर्मशाला में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सभी मोर्चा के अध्यक्षों के साथ विचार मंथन कर योजना को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में रमेश अटवाल, प्रमोद सुंधु, आशु बलौरिया, शिव प्रसाद गुरुंग, राकेश भारद्वाज, अदिति सूद, शिव चरण सहित अन्य उपस्थित रहे l

आपको बताते चलें कि धर्मशाला के तपोवन में हिमाचल विधानसभा का शीतकालीन सत्र 26 नवंबर से शुरू हो रहा है। शीतकालीन सत्र के लिए विधायकों की ओर से 600 से अधिक प्रश्न विधानसभा सचिवालय पहुंच चुके हैं। सत्र 26 नवंबर से 5 दिसंबर तक तपोवन में होगा। मंगलवार को सरकार के धर्मशाला पहुंचने से वीआईपी मूवमेंट से शहर व्यस्त हो गया। सत्र की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मंगलवार को दिनभर अधिकारी धर्मशाला से तपोवन चक्कर लगाते रहे। मंगलवार को डीजीपी अशोक तिवारी की ओर से ड्यूटी ब्रीफ के बाद सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस अधिकारी और जवान तैनात हो गए हैं।

जब इस संबंध में एसपी मयंक चौधरी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस और होमगार्ड के 1100 से अधिक जवान और अधिकारी तैनात किए गए हैं। खुफिया एजेंसियों के कर्मचारी भी धर्मशाला में मुस्तैद रहेंगे। सत्र शुरू होने से एक दिन पहले विधानसभा परिसर में पुलिस अधिकारियों, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्तों ने भी जांच की। ड्यूटी ब्रीफ के बाद धर्मशाला से तपोवन तक 10 सेक्टरों में तैनात होने के साथ ही शहर के प्रवेश मार्गाें पर भी नाकाबंदी की गई है। धर्मशाला शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों को जांच के बाद ही जाने की अनुमति दी जा रही है। एसपी कार्यालय में स्थित कंट्रोल रूम से शहरभर में स्थापित कैमरों और ड्रोन से भी पूरी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। ऐसे में धर्मशाला शहर की सुरक्षा चाक चौबंद की गई है।



